जाटलैंड में शब्दबाण से मुख्यमंत्री ने किसानों व युवाओं को साधा

अमरोहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जाटलैंड में किसानों को रिझाने के लिए तरकश से शब्दवाण निकाले।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 11:54 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 11:54 PM (IST)
जाटलैंड में शब्दबाण से मुख्यमंत्री ने किसानों व युवाओं को साधा
जाटलैंड में शब्दबाण से मुख्यमंत्री ने किसानों व युवाओं को साधा

अमरोहा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जाटलैंड में किसानों को रिझाने के लिए अपने तरकश से शब्दबाण चलाए। कहा पहली सरकारों ने चीनी मिलों को बंद किया और बेचा लेकिन, भाजपा सरकार ने मिलों को संचालित कराया। कोरोना काल में किसानों का गन्ना जब तक खेत में खड़ा रहा तब तक चीनी मिल चलती रहीं। प्रदेश व क्षेत्र के विकास से ही रोजगार के दरवाजे खुलेंगे और युवाओं को नौकरियां मिलेंगी।

पुलिस लाइन मैदान में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों के रुख को भांपा और एक-एक कर तरकश से शब्दबाण छोड़ने शुरू कर दिए। पहले जनपद के विकास के लिए 433 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास पर अपना संबोधन रखा लेकिन, कुछ देर बाद ही माहौल को एकदम बदल दिया। सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही धीरे-धीरे वह किसानों के दिलों को कुरेदने लगे। कहा भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है। जो काम पिछली सरकारें नहीं कर पाई हैं, वह भाजपा ने कर दिखाया है। भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। किसानों को फसलों का वाजिब मूल्य दिलाने का काम सरकार कर रही है। बिचौलियों का पूरी तरह सफाया हो गया है।

सीएम ने कहा पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए उनको छह हजार रुपये सालाना उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कमेटी के जरिए किसानों का गन्ना मूल्य तय किया जाएगा। खांडसारी उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है ताकि, किसानों का गन्ना बेकार न जाए। प्रदेश व क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा के जनप्रतिनिधि फिक्रमंद रहते हैं। वह जानते हैं कि विकास की राह ही रोजगार व नौकरियों के अवसर प्रदान करेगी। अगर यह काम पिछली सरकारों ने किया होता तो आज स्थिति कुछ और ही होती। लोगों के लिए प्रदेश में निवेश के द्वार खोल दिए गए हैं। अधिक निवेश होगा तो लोगों को नौकरियां मिलेंगी। बेरोजगारी दूर होगी। अब शान से आगे बढ़ रहीं और पढ़ रहीं बेटियां

अमरोहा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधा घंटे के भाषण में महिलाओं के बढ़ते सम्मान का भी जिक्र किया। कहा पिछली सरकारों में बहू, बहन व बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। घरों से निकलने में डरती थीं। कानून नाम की कोई चीज नहीं थी लेकिन, जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से उनका सम्मान बढ़ा है। अब शान से वह आगे बढ़ रही हैं। पढ़ रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। योजनाओं के जरिए उनको स्वावलंबी बनाया जा रहा है। हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ गई है। पुलिस की भर्ती में 20 फीसद महिलाएं शामिल हो रही हैं। आज तस्वीर बदल गई है।

chat bot
आपका साथी