तेंदुए ने पूर्व प्रधान समेत दो किसानों पर किया हमला

झुंडी माफी में नराई कर रहीं पूर्व प्रधान भगवान देई तथा किसान पर तेंदुआ ने हमला कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:35 PM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 11:35 PM (IST)
तेंदुए ने पूर्व प्रधान समेत दो किसानों पर किया हमला
तेंदुए ने पूर्व प्रधान समेत दो किसानों पर किया हमला

हसनपुर : झुंडी माफी गांव में मक्का की फसल की नराई कर रहीं पूर्व प्रधान भगवान देई तथा किसान राजपाल सिंह को तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों की मदद से वन कर्मियों ने तेंदुआ गन्ने के खेत में घेर लिया है।

घटना शुक्रवार को शाम साढे़ चार बजे की है। गांव निवासी पूर्व प्रधान भगवान देई (60) मक्का की फसल की नराई कर रही थीं। पड़ोस के खेत में राजपाल सिंह अपनी ईख नरा रहे थे। अचानक तेंदुए ने हमला कर दोनों को जख्मी कर दिया। चीख-पुकार सुनकर खेतों में काम कर रहे लोग एकजुट हो गए। वहीं गांव से भी बड़ी तादाद में लोग पहुंच गए। सूचना पाकर पुलिस तथा वन विभाग की टीम पहुंच गई। ग्रामीणों ने तेंदुए को एक गन्ने के खेत में घेर रखा है। पुलिस ड्रोन कैमरे से तेंदुए की निगरानी कर रही है।

क्षेत्रीय वनाधिकारी सुभाष चौधरी ने बताया तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम लगी हुई है। खेत के चारों तरफ जाल बांधा गया है। जरूरत पड़ी तो आगरा से एक्सपर्ट की टीम बुलाई जाएगी। उन्होंने किसानों से होशियार रहने की अपील की है। उधर घायलों को परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

खजूरी व मुबारिजपुर में पकड़ा गया था तेंदुआ

हसनपुर : तहसील क्षेत्र में तेंदुए के हमले की यह चौथी घटना है। पिछले महीने क्षेत्र के खजूरी गांव से वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ा था। इसके बाद तेंदुए ने रजबपुर थाना क्षेत्र के धनौरी माफी गांव के जंगल में नीलगाय पर हमला कर जख्मी कर दिया था। 25 मई को मुबारिजपुर निवासी केवल सिंह तथा हाजीपुर निवासी हरचरन सिंह को तेंदुए ने हमला कर जख्मी कर दिया था। यहां तेंदुआ एक कुएं में गिर गया था। 26 मई को आगरा से आई एक्सपर्ट की टीम ने नशे का इंजेक्शन लगाकर उसे निकाला और इटावा लायंस सफारी पार्क ले गई थी।

chat bot
आपका साथी