उद्योग से बढ़ेगी आय, देश का होगा विकास

अमरोहा जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि किसी देश का विकास उद्योग के बिना नहीं हो सकता।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 12:04 AM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 12:04 AM (IST)
उद्योग से बढ़ेगी आय, देश का होगा विकास
उद्योग से बढ़ेगी आय, देश का होगा विकास

अमरोहा: जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि किसी देश का विकास उद्योग के बिना नहीं हो सकता। उद्योग होंगे तो लोगों को रोजगार मिलेगा। उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी और आर्थिक विकास होगा। उनको जीवन यापन करने में कोई दिक्कत नहीं होगी। उद्योग क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। इसलिए एक बेहतर माहौल बनाया जाए।

वह शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे जोया रोड स्थित बेंक्वेट हाल में अमृत महोत्सव के तहत आयोजित वाणिज्य उत्सव को संबोधित कर रहे थे। कहा कि एक्सपोर्ट कारोबार को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए एक्सपोर्ट कॉनक्लेव का आयोजन किया गया है। जनपद में उद्योग लगाने के लिए आ रही समस्याओं को दूर किया जाएगा ताकि, लोग अधिक से अधिक उद्योग लगाकर लोगों को रोजगार दे सकें। एक जिला एक उत्पाद योजना के रूप में चयनित ढोलक को भव्य रूप दिया जाएगा। उद्यम लगाने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। लोग बिना किसी भय के उद्योग लगाएं। प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा। उद्योग बंधुओं की मासिक समीक्षा बैठक की जाती है। कोई भी समस्या है तो उसमें उठा सकते हैं। उद्योग लगाने से आय बढ़ेगी तो देश का विकास होगा। शासन की भी मंशा है कि लोगों को अधिक से अधिक रोजगार दिया जाए।

नौगावां सादात विस क्षेत्र की विधायक संगीता चौहान ने कहा कि सरकार आपके साथ है। बेहिचक उद्योग लगाकर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएं। इस मौके पर सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ला, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र विकास यादव व भाजपा जिला महामंत्री पूरन सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।

ढोलक की प्रदर्शनी लगाई गई

अमरोहा: एक जनपद एक उत्पाद में चयनित ढोलक की कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी लगाई गई। डीएम व विधायक ने एक-एक कर उसके स्टालों का निरीक्षण किया। कारोबारियों के काम को सराहा।

chat bot
आपका साथी