अमरोहा पुलिस को छका रहीं लूट व डकैती की घटनाएं

अमरोहा हसनपुर में पांच घरों में डकैती व डिडौली में पूर्व प्रधान के घर हुई लूट की घटना अभी तक पहेली बनी हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 05:50 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 05:50 PM (IST)
अमरोहा पुलिस को छका रहीं लूट व डकैती की घटनाएं
अमरोहा पुलिस को छका रहीं लूट व डकैती की घटनाएं

अमरोहा : हसनपुर में पांच घरों में डकैती व डिडौली में पूर्व प्रधान के घर हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाश जिले की पुलिस को छका रहे हैं। अभी तक दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस के हाथ कोई ठोस सबूत नहीं लग सका है। नतीजतन घटनाओं का पर्दाफाश नहीं किया जा सका है।

14 नवंबर की रात को हसनपुर नगर में रहरा रोड पर स्थित नई कालोनी में पांच बदमाशों ने पांच घरों में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। यहां से लगभग दस लाख रुपये का सामान लूट कर ले गए थे। एक व्यक्ति को गोली मार दी थी तथा दूसरे को बट मार कर घायल कर दिया था। आइजी रमित शर्मा भी घटना स्थल पर आए थे।

मंडलभर की पुलिस टीमें बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगी थीं परंतु दस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अभी तक कोई ऐसा क्लू पुलिस के हाथ नहीं लग रहा है. जिससे कि बदमाशों तक पहुंचा जा सके। हसनपुर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार का कहना है कि कई बिदु पर जांच की जा रही है. जल्दी ही पर्दाफाश किया जाएगा।

वहीं शनिवार रात को बदमाशों ने डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकड़ी अजीज के पूर्व प्रधान कामेश चौधरी के घर भी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। यहां से बदमाश सवा लाख रुपये की नकदी समेत लगभग 12 लाख रुपये का सामान लूट कर ले गए थे। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट चोरी में दर्ज की थी। हालांकि डिडौली पुलिस संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. लेकिन अभी तक कोई ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है।

डिडौली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि जल्दी ही पर्दाफाश किया जाएगा। पूछताछ में अहम जानकारी मिली है।

chat bot
आपका साथी