बारिश में धराशायी हुए मकान, गृहस्वामिनी जख्मी

हसनपुर रविवार सुबह से हो रही भारी वर्षा से ग्राम पौरारा मछरिया तथा लठीरा माफी में मकान दीवार गिर गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 12:06 AM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 12:06 AM (IST)
बारिश में धराशायी हुए मकान, गृहस्वामिनी जख्मी
बारिश में धराशायी हुए मकान, गृहस्वामिनी जख्मी

हसनपुर : रविवार सुबह से हो रही भारी वर्षा से ग्राम पौरारा, मछरिया तथा लठीरा माफी में कई पक्के व कच्चे मकान तथा दीवारें गिर गई। मछरिया गांव में मुजम्मिल हुसैन का मकान सोमवार शाम को अचानक गिर गया। जिसमें दबकर उनकी पत्नी नरगिस जहां गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायल महिला को नजदीकी गांव जेबड़ा के एक क्लीनिक संचालक के यहां भर्ती कराया है। गांव मछरिया निवासी सैदहसन, इंतजार, यूसुफ व सखावत की दीवारें, वसीम व जाहिद का टिन शैड, जबकि, मुजम्मिल व जुल्फिेकार के मकान ढहने से हजारों का नुकसान हुआ है। इसके अलावा ग्राम पौरारा में प्रेमचंद सिंह का मकान वर्षा में ढहने से घरेलू सामान नष्ट हो गया। क्षेत्र के लठीरा माफी समेत अन्य भी कई गांवों में मकान व दीवारें गिरने की सूचना मिली है। दो दिन से निरंतर हो रही वर्षा से मकानों की छतों से पानी टपकना शुरू हो गया है। खेतों में पानी भरने से किसान पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करने के लिए भी दिन भर परेशान रहे।

बारिश से शहर में भरा पानी तो देहात में किसान दिखे परेशान

मंडी धनौरा/बछरायूं : सोमवार को तड़के से ही बारिश शुरू हो गई जो देर शाम तक होती रही। इस कारण मुहल्ला कटरा, गांधीनगर, गढ़ी, सुभाष नगर, कंचन बाजार, विजयनगर, हीरा नगर व शिवपुरी आदि मुहल्लों में जलभराव हो गया। लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों की भी रफ्तार भी थमी रही। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्र में खेत भी पानी से लबालब भर गए। आलू की बुवाई करने वाले किसानों की फसल पानी की भेंट चढ़ गई। वहीं जिन किसानों ने धान की फसल काटी थी खेतों में पानी भरने के चलते वह भी बर्बाद हो गई। सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे पर चिता की लकीरें स्पष्ट दिखाई दीं। किसान हरपाल सिंह ने बताया कि उसने हाल में ही आलू की बुवाई की थी। बुवाई के तुरंत बाद बारिश हो गई खेत में पानी भरने के कारण उसकी दो बीघा आलू की फसल नष्ट हो गई है।

chat bot
आपका साथी