आठ ब्लाक में बंटा मैदान, कल जनसभा संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री

अमरोहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को आएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 11:20 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 11:20 PM (IST)
आठ ब्लाक में बंटा मैदान, कल जनसभा संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री
आठ ब्लाक में बंटा मैदान, कल जनसभा संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री

अमरोहा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को आएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए जोया रोड किनारे स्थित पुलिस लाइन मैदान को तेजी के साथ सजाया जा रहा है। तैयारियां अंतिम पड़ाव में पहुंच गई हैं। मैदान को जहां आठ ब्लाक में बांटा गया है वहीं, दूसरी ओर वाटरप्रूफ व फायरप्रूफ पंडाल लगाया गया है। मंच निर्माण के साथ-साथ वाहनों की पार्किंग के लिए भी बेरीकेडिग कराई गई है।

मुख्यमंत्री 22 सितंबर को जनपद के पुलिस लाइन मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम मिलने के बाद से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मैदान को चमकाने में जुटे हैं। चार सौ सफाई कर्मचारी मैदान की साफ-सफाई में लगे हुए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा सीएम के उड़नखटोले को उतारने के लिए हेलीपैड तैयार करा दिया गया है। इस पर सोमवार को कर्मचारियों ने पानी का छिड़काव किया। इसके अतिरिक्त अफसरों ने मैदान को आठ ब्लाक में बांटा है। इसमें पहले व दूसरे ब्लाक से मीडिया कर्मियों के अलावा वीआइपी तथा वीवीआइपी प्रवेश करेंगे। अन्य ब्लाक में समर्थक जाएंगे।

पंडाल में बैठने के लिए आठ हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। मंगलवार तक पंडाल को सजाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर कितने वीआइपी मौजूद रहेंगे, इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.ऋषिपाल नागर से अफसर बातचीत करेंगे और उनके बताए वीआइपी को ही मंच पर जाने की अनुमति दी जाएगी। सेफ हाउस व जनसभा स्थल पर सोफा और सामान्य कुर्सियों की व्यवस्था भी कराई गई है।

सोमवार को जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक पूनम, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी चंद्रशेखर शुक्ला ने मैदान का दौरा कर सभी तैयारियों का जायजा लिया और जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आज पंचायती राज मंत्री लेंगे तैयारियों का जायजा

अमरोहा: प्रदेश के पंचायती राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह मंगलवार को अमरोहा पहुंचकर पुलिस लाइन मैदान पर चल रही मुख्यमंत्री की जनसभा से संबंधित तैयारियों का जायजा लेंगे। इसके बाद पत्रकारों से वार्ता करेंगे। योजनाओं के लाभार्थियों को भी मिलेगा सम्मान

अमरोहा: मुख्यमंत्री जनसभा के दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम आवास योजना समेत अन्य के लाभार्थियों को भी सम्मान देंगे। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने लाभार्थियों के चयन की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोरोना से मृत कर्मचारियों के स्वजनों को भी 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सीएम द्वारा दिलाने की तैयारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी