हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों के शीशे टूटे, पुलिस से भी अभद्रता

गजरौला : दीपदान कर लौटने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों से हाईवे पूरी रात जाम से जूझता रहा। इतना ही नहीं

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 11:14 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 11:14 PM (IST)
हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों के शीशे टूटे, पुलिस से भी अभद्रता
हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों के शीशे टूटे, पुलिस से भी अभद्रता

गजरौला : दीपदान कर लौटने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों से हाईवे पूरी रात जाम से जूझता रहा। इतना ही नहीं जाम के दौरान कई वाहनों के शीशे भी टूटे। वाहनों में सवार महिला-पुरुषों ने पुलिस से भी अभद्रता की। ऐसे में भीषण जाम को देखकर सर्दी के मौसम में भी पुलिस के पसीने छूट गए। यह जाम सोमवार की तड़के तक बना रहा।

रविवार को देरशाम तक दीपदान खत्म होने के बाद पुलिस ने श्रद्धालुओं के वाहनों को गजरौला शहर के बजाए बंधे-बंधे होते हुए गांव कांकाठेर के रास्ते हाईवे पर निकाला। एक साथ हाईवे पर पहुंचे वाहनों के बाद जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। उधर, गढ़मुक्तेश्वर में गजरौला से जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। इन परिस्थितियों में ब्रजघाट से लेकर ख्यालीपुर के ढाल तक दोनों दिशाओं में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई।

ब्रजघाट में भीषण जाम लगने के बाद पुलिस ने चौपला व अतरासी में वाहनों को रोकते हुए हसनपुर की तरफ को मोड़ना शुरू कर दिया। वहीं भीषण जाम में फंसे लोग पुलिस के इंतेजामों की आलोचना करते हुए अभद्रता करने पर भी उतारू हो गए। बहुत से लोगों ने प्रभारी निरीक्षक व चौकी प्रभारी को फोन कर जाम में फंसे होने की बात कहते हुए गलतभाषा का प्रयोग किया।

हालात ऐसे थे कि सर्दी के मौसम में भी पुलिस को जाम खुलवाने में पसीने छूट रहे थे। उधर, जाम के दौरान कई वाहनों के शीशे भी टूट गए। सोमवार की तड़के करीब तीन बजे जाम खुलने पर यातायात व्यवस्था सुचारू हो पाई। उधर, जाम के दौरान फंसी क्रेन को बेक करते समय लग्जरी कार उससे टकरा गई। इस दौरान तीन कारें भी क्षतिग्रस्त हो गई। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि आधी रात के बाद ही जाम की समस्या खत्म हो पाई थी। जाम में फंसे कई लोगों का बात करने का लहजा भी ठीक नहीं था।

chat bot
आपका साथी