डेंगू-मलेरिया के लक्षण दिखें तो जिला अस्पताल में कराएं जांच

अमरोहा बुखार के मरीजों से सरकारी के साथ ही निजी अस्पताल भरे पड़े हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 06:08 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 06:08 PM (IST)
डेंगू-मलेरिया के लक्षण दिखें तो जिला अस्पताल में कराएं जांच
डेंगू-मलेरिया के लक्षण दिखें तो जिला अस्पताल में कराएं जांच

अमरोहा : बुखार के मरीजों से सरकारी के साथ ही निजी अस्पताल भरे पड़े हैं। डेंगू व मलेरिया के लक्षण नजर आते ही जिला अस्पताल में इसकी जांच कराएं। यहां इसके इंतजाम किए गए हैं। लापरवाही भारी पड़ सकती है।

बरसात के मौसम में मच्छर जनित रोगों में इजाफा हुआ है। इसका मुख्य कारण यह है कि बारिश का पानी घरों व आसपास भर जाता है। इसमें मादा एनोफिलीज मच्छर अंडे देते है। अंडे कुछ ही दिन में मच्छरों में तब्दील होकर व्यक्तियों को काटते है। इनसे व्यक्ति को जाड़े के साथ बुखार आने लगता है। इसका इलाज न कराना लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है। सरकारी रिकार्ड के मुताबिक रोजाना जांच में जिलेभर में 10 से 12 मरीज मलेरिया के निकल रहे हैं। वहीं इसकी आड़ में डेंगू ने भी पांव पसार लिए हैं।

जिले में अभी तक चार व्यक्तियों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। डीएसओ (जिला सर्विलॉस अधिकारी) डा. सत्यपाल सिंह ने बताया डेंगू का संक्रमण एडिज मच्छर के काटने से फैलता है। मच्छर साफ पानी में घरों में अंडे देते हैं। इसके काटने के बाद शुरुआत में व्यक्ति के सिर में दर्द होता है। इसके लिए सावधानी बरतना जरूरी है। वहीं जिला अस्पताल के सीएमएस डा. एके गुप्ता ने बताया डेंगू और मलेरिया के इलाज व जांच की पूरी व्यवस्था है। लक्षणों के आधार पर पहचानें डेंगू व मलेरिया

अमरोहा : डीएसओ डा. सत्यपाल सिंह ने बताया डेंगू-मलेरिया के रोगियों की पहचान करना आसान है। मलेरिया के रोगी को जाड़े के साथ तेज बुखार, थकान, उल्टी, बेचैनी के साथ पसीना आता है। जबकि डेंगू वाले मरीजों को शुरूआत में सिर दर्द, आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाना, हड्डियों व मांसपेशियों में दर्द, शरीर पर लाल चकत्ते, पेट दर्द व खून की उल्टी, तेजी से प्लेटलेट्स गिरना आदि लक्षण हैं।

पांच से दस दिन में स्वस्थ हो जाते हैं डेंगू के सामान्य मरीज

अमरोहा : डीएसओ डा. सत्यपाल सिंह ने बताया मलेरिया के मरीजों के इलाज के लिए 14 दिन का कोर्स है। मरीज को एक माह तक दवा खानी पड़ती है। जिसके बाद वह स्वस्थ हो जाता है। वहीं डेंगू की चार स्टेज होती है। इनमें सामान्य डेंगू मरीज 5 से 10 दिन के अंदर पूरी तरह स्वस्थ हो जाता है। जबकि गंभीर रोगी को स्वस्थ होने में चार सप्ताह तक लग जाते हैं।

chat bot
आपका साथी