गोकुशी रोकने पर मुठभेड़, एक तस्कर के लगी गोली

जोया गांव पलौला के जंगल में गोकुशी होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर गोतस्करों ने फायरिग की।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 11:05 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 11:05 PM (IST)
गोकुशी रोकने पर मुठभेड़, एक तस्कर के लगी गोली
गोकुशी रोकने पर मुठभेड़, एक तस्कर के लगी गोली

जोया : गांव पलौला के जंगल में गोकुशी होने की सूचना पर पहुंची पुलिस पर गोतस्करों ने फायरिग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोतस्कर को गोली लग गई। जबकि एक गोली सिपाही की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंस गई। तीन आरोपित मौके से भाग निकले। मौके से कटा हुआ एक गोवंशीय पशु व एक जिदा पशु बरामद किया गया है। घायल तस्कर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह मामला डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पलौला के जंगल का है। बुधवार रात डिडौली प्रभारी निरीक्षक मोहित चौधरी को मुखबिर से सूचना मिली कि पलौला के जंगल में कुछ लोग गोवंशीय पशुओं का वध कर रहे हैं। उन्होंने एसएसआइ सतेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबिल रघुवीर सिंह, सिपाही राहुल बालियान, रॉकी कुमार व यतेंद्र कुमार को साथ लेकर बताए गए स्थान की घेराबंदी कर ली। वहां चार लोग एक गोवंशीय पशु का वध कर चुके थे तथा दूसरे का वध करने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस को देख कर उन्होंने फायरिग शुरू कर दी तथा भागने लगे। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। एक गोली तस्कर की टांग में लग गई। जबकि तस्करों की एक गोली सिपाही रॉकी कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट में फंस गई। अंधेरे का फायदा उठा कर तीन तस्कर भाग निकले। घायल तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। उसे उपचार के लिए फौरन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को मौके पर गर्दन कटा एक गोवंशीय पशु मिला तथा दूसरे पशु को बंधन मुक्त कराया। वहां एक पौनिया बंदूक, तमंचा व बाइक भी बरामद हुई।

गुरुवार दोपहर एसपी पूनम ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान घटना का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया गिरफ्तार आरोपित का नाम दानिश कुरैशी निवासी गांव फत्तेहपुर माफी थाना डिडौली है। जबकि फरार होने वाले उसके साथी औसामा व मुहम्मद उमर निवासी फत्तेहपुर माफी तथा नन्हें निवासी गांव पलौला हैं। चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताया कि फरार आरोपितों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी