आग में फंसे तीन लोगों को दमकल व पुलिस कर्मियों ने बचाया

गजरौला मुहल्ला अवंतिकानगर में धार्मिक अनुष्ठान के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर प्रसाद बनाते समय आग लग गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 11:00 PM (IST)
आग में फंसे तीन लोगों को दमकल व पुलिस कर्मियों ने बचाया
आग में फंसे तीन लोगों को दमकल व पुलिस कर्मियों ने बचाया

गजरौला : मुहल्ला अवंतिकानगर में धार्मिक अनुष्ठान के लिए मकान की दूसरी मंजिल पर प्रसाद बनाते समय अचानक से गैस सिलेंडर में आग भड़क गई। आग के बीच में तीन लोग फंस गए। घटना से भगदड़ जैसा माहौल बन गया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस व दमकल कर्मियों ने आनन-फानन में सूझबूझ से काम करते हुए आग पर काबू पाया और तीनों व्यक्तियों को सकुशल बचा लिया।

मुहल्ला अवंतिकानगर में मां ललिता देवी मंदिर के पास खाद्य विभाग में तैनात दिनेश नागर का मकान है। रविवार को वहां पर धार्मिक अनुष्ठान था। इसके लिए शाम करीब साढ़े छह बजे मकान की दूसरी मंजिल पर प्रसाद बनाया जा रहा था। इस दौरान अचानक से गैस सिलेंडर में आग भड़क गई। आग लगने के बाद कुछ लोग भाग गए। लेकिन, तीन लोग मौके पर ही फंस गए। वह मकान की छत पर पहुंच गए। उधर, सिलेंडर फटने के डर से हर किसी से होश उड़े थे। जानकारी मिलने पर कस्बा प्रभारी रजनीश कुमार, 112 डायल व दमकल कर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने संयुक्त रूप से सूझबूझ से काम करते हुए रेता, बोरी-पानी से पहले सिलेंडर की आग पर काबू पाया। इसके बाद तीनों व्यक्ति को सकुशल बाहर निकाला। इससे काफी देर तक भगदड़ जैसा माहौल बना रहा। कस्बा प्रभारी रजनीश कुमार ने बताया कि आग में तीन व्यक्ति फंस गए थे। लेकिन, उन्हें सकुशल निकलवा लिया गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। बाकी कोई नुकसान नहीं हुआ है। इस संबंध में गृहस्वामी द्वारा कोई विवरण नहीं दिया गया है।

chat bot
आपका साथी