घरों व वाहनों पर लगाए काले झंडे, फूंके पुतले

अमरोहा/ रजबपुर जनपदभर में किसान संगठनों ने बुधवार को काला दिवस मनाया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 26 May 2021 11:19 PM (IST) Updated:Wed, 26 May 2021 11:19 PM (IST)
घरों व वाहनों पर लगाए काले झंडे, फूंके पुतले
घरों व वाहनों पर लगाए काले झंडे, फूंके पुतले

अमरोहा/ रजबपुर : जनपदभर में किसान संगठनों ने बुधवार को काला दिवस मनाया। घरों व वाहनों पर काले झंडे लगाए। नारेबाजी की और प्रदर्शन कर पुतला फूंका। कई जगह धरना देकर विरोध जताया। इस बीच टोल प्लाजा रजबपुर पर भारी पुलिस फोर्स तैनात रही। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह जनपदभर में भ्रमण कर किसानों की गतिविधियों की जानकारी लेते रहे।

गाजीपुर बार्डर पर तीन कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन करते हुए किसानों को आज छह माह हो गए। संयुक्त किसान मोर्चा संघर्ष समिति ने 26 मई को काला दिवस मनाने की घोषणा की थी और किसानों से गांव-गांव काले झंडे लगाकर विरोध प्रदर्शन की अपील की थी। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के नेता गिरीराज सिंह के नेतृत्व में किसानों ने गांव बल्दाना, हरज्ञान सिंह के नेतृत्व में धनौरी माफी व जमापुर गांव में जसपाल सिंह की अगुवाई में घरों पर काले झंडे लगाकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

कपासी गांव में धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में किसानों ने धरना दिया और उपजिलाधिकारी विवेक कुमार यादव व सीओ विजय कुमार मीना को ज्ञापन सौंपा। भारतीय किसान यूनियन असली के जिलाध्यक्ष महावीर सिंह ने अपने गांव में घर-घर व वाहनों पर काले झंडे लगवाए और केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले किया। भाकियू असली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौ.सुरेंद्र सिंह ने मंजूरपुरा में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन किया। खेतों में काली पट्टी बांधकर किया काम

अमरोहा: रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव बल्दाना में किसानों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। अपने हाथों में काली पट्टी बांधकर खेतों में काम किया। अन्य किसानों को भी इस तरह के विरोध के लिए प्रेरित किया। टोल प्लाजा पर नहीं पहुंचे किसान

अमरोहा: किसानों द्वारा हाईवे स्थित रजबपुर टोल प्लाजा पहुंचकर टोल फ्री करने की भनक लगते ही पुलिस व प्रशासनिक अफसर हरकत में आ गए। दोपहर दो बजे टोल प्लाजा पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया लेकिन, वहां पर किसान नहीं पहुंचे।

chat bot
आपका साथी