पश्चिम उप्र की गर्मजोशी से गदगद हुए मुख्यमंत्री योगी

अमरोहा विकास परियोजनाओं के ताबड़तोड़ शिलान्यास व लोकार्पण के जरिये मुख्यमंत्री चुनावी बिसात बिछा गए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 11:46 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 11:46 PM (IST)
पश्चिम उप्र की गर्मजोशी से गदगद हुए मुख्यमंत्री योगी
पश्चिम उप्र की गर्मजोशी से गदगद हुए मुख्यमंत्री योगी

अमरोहा : विकास परियोजनाओं के ताबड़तोड़ शिलान्यास व लोकार्पण के जरिये मुख्यमंत्री योगी पश्चिम उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बजा गए। दो दिन में छह जिलों के दौरे में समर्थकों के उत्साह से वह गदगद हो गए। संबोधन में उन्होंने इसका उल्लेख भी किया। साथ ही विकास कार्यों के साथ अपने जनप्रतिनिधियों के नाम गिनाकर उनके भरोसे पर भी मुहर लगा दी।

जाहिर सी बात है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। भाजपा भी तैयारियों को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। अपने जनप्रतिनिधियों के जरिये जिले के विकास को बनी योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कमान संभाल ली है। दो दिन में उन्होंने छह जिलों का दौरा कर न सिर्फ अरबों की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया बल्कि, आम जनमानस की नब्ज भी टटोल ली। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा भी कि दो दिन में मुरादाबाद, सम्भल, बिजनौर, गौतमबुद्ध नगर व हापुड़ के दौरे की तरह ही अमरोहा के लोगों में भी उन्हें गजब का जोश नजर आया है। इसका श्रेय उन्होंने अपने जनप्रतिनिधियों राजीव तरारा, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, संगीता चौहान, सुरेंद्र सिंह ढिल्लो व जयपाल सिंह व्यस्त का नाम गिनाकर दिया।

साथ ही कहा कि सपा के जनप्रतिनिधि अपना विकास करते थे, हमारे जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास में जुटे हैं। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर का भी नाम लिया। कहा कि पंचायत चुनाव में हमारे कई ब्लाक प्रमुख भी बने हैं। इनके जरिये वह जिले के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। मुख्यमंत्री के इस वक्तव्य से जिले के जनप्रतिनिधियों में यह संदेश भी गया है कि अगले चुनाव में टिकट को लेकर उनकी दावेदारी कमजोर नहीं होगी। कुल मिलाकर मुख्यमंत्री पश्चिम उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे को लेकर काफी संतुष्ट नजर आए। बारिश के बाद नरम मौसम में जोश की गर्माहट

अमरोहा : बुधवार सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा हुआ था। दोपहर में लगभग 12 बजे बूंदाबांदी भी हुई। जबकि जिले के कई हिस्सों में बारिश हुई। ऐसे में जनसभा के आयोजकों को एकबार तो लगा कि कहीं बारिश खलल न डाल दे। परंतु गनीमत यह रही कि जनसभा से पहले ही आशंकाओं के बादल छंट गए। उसके बाद मुख्यमंत्री को सुनने के लिए उमड़ी भीड़ को देख उन्होंने राहत की सांस ली। खराब मौसम के बावजूद उम्मीद से अधिक भीड़ पहुंची। पंडाल खचाखच भरा तो दोनों तरफ कुर्सियां डलवाई गईं। उसके बाद भी लोगों ने खड़े होकर मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। पंडाल में मौजूद भीड़ मुख्यमंत्री के आने से पहले लगातार नारे लगाती रही। योगीराज में नहीं चलेंगी बातें तालिबान की..

अमरोहा: जनसभा में पहुंची भीड़ में शामिल युवाओं में अलग ही जोश देखने को मिला। कार व बाइक पर भाजपा के झंडे लगाए युवक नारेबाजी करते हुए जनसभा स्थल पर पहुंचे। उसके बाद पंडाल में भी युवक नारेबाजी करते रहे। भारत माता की जय, जय श्रीराम व मोदी-योगी जिदाबाद के नारों से पंडाल गूंजता रहा। मुख्यमंत्री के आने से पहले चल रहे देशभक्ति गीत- योगीराज में नहीं चलेंगी बातें तालिबान की..पर तो लोग तालियां बजाकर झूम रहे थे।

chat bot
आपका साथी