बैकफुट पर आया प्रशासन, पुलिस लाइन मैदान पर खोदी खाई पाटी

अमरोहा जोया रोड किनारे स्थित पुलिस लाइन मैदान पर महापंचायत को लेकर विवाद निपटने की संभावना जताई जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Oct 2021 11:04 PM (IST) Updated:Sun, 10 Oct 2021 11:04 PM (IST)
बैकफुट पर आया प्रशासन, पुलिस लाइन मैदान पर खोदी खाई पाटी
बैकफुट पर आया प्रशासन, पुलिस लाइन मैदान पर खोदी खाई पाटी

अमरोहा : जोया रोड किनारे स्थित पुलिस लाइन मैदान पर महापंचायत को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक व प्रशासन के बीच छिड़ा विवाद अब निपटने की उम्मीद जताई जा रही है। यूनियन नेताओं के तेवरों को देखकर प्रशासन बैकफुट पर आ गया है। उसके द्वारा मैदान पर खोदी गई खाई को पाट दिया गया है। अब केवल उसमें बोर्ड लगा है। इधर संगठन के नेताओं ने एक बार फिर मसले में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों से वार्ता करने का फैसला लिया है।

भाकियू अराजनैतिक ने 17 अक्टूबर को पुलिस लाइन मैदान में महापंचायत करने का एलान किया था। इसको लेकर संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता लगातार सक्रिय हैं और गांव-गांव जाकर लोगों से भारी संख्या में शिरकत करने का आह्वान कर रहे हैं। इधर प्रशासन ने मैदान पर गहरी खोई खोद दी। यहां बता दें कि महापंचायत स्थल को बदलने के लिए डीएम व एसपी ने किसानों को बुलाकर वार्ता की। उनसे सामने के मैदान में महापंचायत करने का अनुरोध किया लेकिन, किसान उनकी बात से अभी सहमत नहीं हैं।

किसान नेताओं के तीखे तेवर देख कर अब प्रशासन अपने कदम पीछे खींच रहा है। उसके द्वारा मैदान में खोदी गई खाई को जेसीबी से पाट दिया गया है। इधर भाकियू के जिलाध्यक्ष चौधरी रामपाल सिंह ने कहा है मामले में अफसरों से एक बार और बातचीत की जाएगी। उनको मैदान पर ही महा पंचायत का आयोजन करने की अनुमति देने के लिए मनाने का कार्य होगा। इसके बाद भी अगर वह नहीं माने तो भाकियू द्वारा अगला निर्णय लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी