जहां योगी लोग रमण करें वही हैं राम : राम भद्राचार्य

- शहर के श्री रणंजय इंटर कॉलेज में चल रही श्री राम कथा - कथा व्यास ने बताई राम नाम की महिमा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 12:39 AM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 12:39 AM (IST)
जहां योगी लोग रमण करें वही हैं राम : राम भद्राचार्य
जहां योगी लोग रमण करें वही हैं राम : राम भद्राचार्य

अमेठी : शहर में चल रही श्री राम कथा का चौथे दिन भक्तों की भारी भीड़ जुटी। कथा व्यास ने भगवान राम व चारों भाइयों के नामकरण की कथा कही। उन्होंने उपस्थित जनों को श्री राम नाम की महिमा से परिचित कराया और जीवन में नाम के महत्व को बताया।

कथा व्यास जगदगुरू राम भद्राचार्य महाराज जी ने कहा कि 'यथा नामे तथा गुणे' अर्थात जैसा नाम होता है वैसे ही गुण भी होते हैं। संतान का नाम ऐसा रखें जिसका कोई अर्थ हो निरर्थक न हो। नामकरण नेट से ना देखकर अपितु किसी आचार्य से पूछकर रखें और वह व्याकृत हो। उन्होंने कहा कि मेरा नाम गिरधारी था यानी पर्वत धारण करने वाला। लेकिन, मै धेला भी नहीं उठा सकता। मैंने दिव्यांग जनों के शिक्षा दीक्षा की जिम्मेदारी का पर्वत उठा रखा है। उन्होंने कहा कि राम नाम सबसे कल्याणकारी है। राम के विभिन्न अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि रमंते योगिन: यत्र स: राम:। यानी जहां योगी लोग रमण करते रहें वही राम हैं। जिससे रावण का मरण हो वह राम हैं। जिससे राष्ट्र का मंगल हो वह राम हैं। जिससे राष्ट्र की मर्यादा हो वह राम हैं। जिसमें रामायण और महाभारत दोनों निहित हो वह राम हैं। - भजनों पर मंत्रमुग्ध हुए भक्त स्वामी रामभद्राचार्य के भजनों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। लोक भाषा अवधी में गाए जाने वाले सोहर व अन्य भजनों को सुनकर श्रद्धालु नृत्य करने लगे। तेरी तेरी मंद मंद मुस्कानिया पर बलिहारी राघव जी गाकर उन्होंने सभी को भाव विभोर कर दिया। - ये रहे मौजूद कथा में आयोजक डॉ. अनिल त्रिपाठी के साथ ही मनीषी दंपति, पूर्व विधायक तेजभान सिंह, एमएलसी दिनेश सिंह, राकेश त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी