तालाब बनी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें

जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 36 सड़कें हैं। औद्योगिक क्षेत्र इंडस्ट्रियल एरिया के आवासीय कालोनी में कुल 70 सड़कें बनी हैं। उतेलवा सेक्टर में 14 सड़कें हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 11:55 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 11:55 PM (IST)
तालाब बनी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें
तालाब बनी औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें

अमेठी : उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथारिटी (यूपीसीडा) के जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया, उतेलवा सेक्टर व यूपीसीडा आवासीय कालोनी की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। मामूली बरसात में भी यहां की सड़कें तालाब का रूप ले लेती हैं। जल भराव के चलते स्थानीय उद्यमियों व आम जनमानस को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन सड़कों पर जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।

जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 36 सड़कें हैं। औद्योगिक क्षेत्र इंडस्ट्रियल एरिया के आवासीय कालोनी में कुल 70 सड़कें बनी हैं। उतेलवा सेक्टर में 14 सड़कें हैं। जिनकी मरम्मत व रखरखाव यूपीसीडा कराता है। सभी सेक्टर की सड़कों का बुरा हाल है। इन सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। आए दिन इन गड्ढों में गिरकर लोग घायल हो रहे हैं। जल भराव के चलते लोगों के वाहन फंस जाते हैं। शिकायत के बावजूद भी समस्याओं का निदान नहीं हो पा रहा है। जल निकासी की भी कोई व्यवस्था नहीं है।

उद्यमियों का दर्द : जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमी रमेश जायसवाल ने बताया कि उनकी इकाई के सामने की सड़क मामूली बरसात में तालाब का रूप ले रही है। जल भराव के चलते आने-जाने में असुविधा होती है। जलभराव व गड्ढों के चलते आए दिन वाहन फंस जाते हैं। कई बार यूपीसीडा के जिम्मेदारों को अवगत कराया, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो रहा है।

उतेलवा सेक्टर के उद्यमी मो. तौसीफ खान ने बताया कि सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। थोड़ी सी भी बरसात होने पर सड़कों पर जलभराव हो जाता है। जिसके चलते उद्यमियों व आम जनमानस को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यूपीसीडा के जिम्मेदारों से जल्द सड़कें बनवाने की मांग की है।

जिम्मेदार के बोल

प्रबंधक सिविल यूपीसीडा लखनऊ राज कमल सिंह ने बताया कि जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के सभी सेक्टरों की सड़कों की मरम्मत का काम एक करोड़ 52 लाख की लागत से कराया जाएगा। गड्ढों को भराने का निर्देश दिया गया हैं। वहीं उतेलवा सेक्टर की सड़कें 70 लाख रुपये की लागत से सही कराया जाएगा। अनुबंध का काम पूरा होते ही समस्या से निजात दिलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी