अपर्णा यादव ने कहा, हर मामले में भाजपा सरकार फेल

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 10:16 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 10:16 PM (IST)
अपर्णा यादव ने कहा, हर मामले में भाजपा सरकार फेल
अपर्णा यादव ने कहा, हर मामले में भाजपा सरकार फेल

संवादसूत्र, जायस, (अमेठी) : पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने कहाकि भाजपा सरकार मंहगाई, कानून व्यवस्था, कोरोना महामारी व कृषि कानूनों को लागू करने के मामले में भी पूरी तरह से फेल साबित हुई है। इसकी जवाब जनता आगामी विधानसभा चुनाव में लेगी।

मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान में सभा को संबोधित करते हुए कहाकि इस वक्त चुनाव का समय है। इसलिए वह चुनावी बातें ही करेंगी। वह बाबू जी मुलायम सिंह यादव के निर्देश पर सपा को मजबूत करने निकली हैं, क्योंकि जनता अब भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। इस सरकार में महिलाओं की आबरू सुरक्षित नहीं हैं। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। महंगाई बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा हमने तिलोई विधानसभा में देखा कि सड़कें बदहाल हैं। स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था ध्वस्त है। सूफी संत जायसी की धरती भी विकास की बाट जोह रही है। सपा सरकार बनते ही तिलोई विधानसभा में विकास को प्राथमिकता मिलेगी। जायसी शोध संस्थान में एक भी पुस्तक न होने पर आश्चर्य प्रकट करते हुए कहाकि यहां से जाते ही जायसी शोध संस्थान को पुस्तकें भेंट करेगी। साथ ही सरकार को भी पत्र लिखेंगी।

-जनता चाहती है हम यहां से चुनाव लड़ें

अपर्णा यादव ने तिलोई विधानसभा से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि जनता चाहती है कि हम यहां चुनाव लड़ें, लेकिन सपा हाईकमान अखिलेश भैया जैसा आदेश देंगे वही वह करेंगी। उन्होंने कहा बंगाल में जिस तरह ममता दीदी की प्रचंड बहुमत मिली है। उसी तरह जनता यूपी में अखिलेश भैया को भी प्रचंड बहुमत दिलाएगी। मंच पर सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव की शिकायत भी हुई कि वह कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में शामिल होने से रोक रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन मौलाना गुफरान कर रहे थे। इस मौके पर शहला ताहिर इजहार, लल्लन यादव, रसूल अहमद राईनी, विजय यादव, रिजवान, चिटू सागर, शरीफ कुरैशी, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष छोटे लाल यादव सहित तमाम लोगों मौजूद रहे।

- अपर्णा ने अहोरवा मंदिर में टेका मत्था

संवादसूत्र, सिंहपुर : सपा नेत्री अपर्णा यादव के दौरे से चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग अपने-अपने ढंग से सियासी कयास लगाने में जुटे रहे। जायस में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने जा रही अपर्णा का इन्हौना में पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके पश्चात उनका काफिला अहोरवा भवानी मंदिर पहुंचा। जहां उन्होंने मां अहोरवा की पूजा अर्चना कर चुनरी चढ़ाई। इसके पश्चात वे पार्टी कार्यकर्ता राहुल अवस्थी के घर जाकर परिवार के लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर जिपंस प्रतिनिधि राजकुमार तिवारी, विकास यादव, मन्नू, परवेज अहमद आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी