युवाओं से लक्ष्य पूरा, माह भर बाद एक दिन में 10 हजार टीकाकरण

टीकाकरण की रफ्तार अब धीरे-धीरे बढ़ रही है। एक माह बाद एक दिन में 10 हजार लोगों का वैक्सीनेशन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 10:19 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 10:19 PM (IST)
युवाओं से लक्ष्य पूरा, माह भर बाद एक दिन में 10 हजार टीकाकरण
युवाओं से लक्ष्य पूरा, माह भर बाद एक दिन में 10 हजार टीकाकरण

अंबेडकरनगर : टीकाकरण की रफ्तार अब धीरे-धीरे बढ़ रही है। एक माह बाद एक दिन में 10 हजार लोगों को शुक्रवार को टीका लगाया गया। गांवों के साथ जिला चिकित्सालय और स्वास्थ्य केंद्रों पर दिनभर लाभार्थियों की भीड़ उमड़ी रही। इसी का नतीजा रहा कि टीकाकरण की गति में काफी तेजी आई है।

वर्तमान समय में चयनित 12 गावों के साथ कुल 23 केंद्र ही संचालित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को भी टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के बीच के युवाओं की भागीदारी अच्छी रही। इससे निर्धारित लक्ष्य से अधिक युवाओं का टीकाकरण हुआ। जिला अस्पताल एवं जलालपुर में महिला केंद्र पर सुबह से ही लाइन लगी रही। निर्धारित लक्ष्य 6000 के सापेक्ष 10023 लोगों को टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 167 फीसद रहा। वैक्सीन की उपलब्धता के मुताबिक लक्ष्य भी बढ़ाया जा रहा है। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि वैक्सीन की उपलब्धता हो रही है, अब गांवों में भी केंद्र बढ़ाए जाएंगे। सोमवार से गांवों में केंद्रों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।

23 केंद्रों पर उमड़ी भीड़ : अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 6230 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 2436 के साथ 1032 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 194 और महिला स्पेशल केंद्र पर 131 को टीका लगाया गया।

जिले में तीन सक्रिय केस, नहीं बढ़े संक्रमित : कोरोना संक्रमण में कमी आ रही है, लेकिन लोगों में लापरवाही भी बढ़ रही है। शुक्रवार को कोई नया संक्रमित नहीं मिला तो कोई मरीज स्वस्थ भी नहीं हुआ। सक्रिय मरीजों की संख्या अब महज तीन है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेशन में एक मरीज, मेडिकल कालेज और एल-टू टांडा में कोई भी मरीज नहीं है। दो मरीजों का इलाज लखनऊ में चल रहा है। शुक्रवार को कुल 2080 लोगों की जांच हुई। आरटीपीसीआर से 1293, ट्रूनेट से नौ तथा एंटीजन से 778 लोगों की जांच की गई।

chat bot
आपका साथी