घर में सोते समय महिला की गला रेतकर हत्या

पति और बहन के अवैध संबंधों में रोड़ा बन रही महिला की सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 10:36 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 10:36 PM (IST)
घर में सोते समय महिला की गला रेतकर हत्या
घर में सोते समय महिला की गला रेतकर हत्या

अंबेडकरनगर: पति और बहन के अवैध संबंधों में रोड़ा बन रही महिला की सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्या के कारणों की तलाश की। प्रकरण टांडा कोतवाली के अजमेरी बादशाहपुर गांव का है।

गांव के सधई का पूरा में रहने वाले सेवाराम और रामशिला दो सगे भाई हैं। इनकी पत्नियां भी सगी बहनें हैं। बड़ी बहन अनीता का विवाह सेवाराम के साथ हुआ है, जबकि छोटी बहन किरन का विवाह रामशिला के साथ हुआ है। बंटवारा होने के बाद दोनों का परिवार अलग-अलग रहता है। सेवाराम ने बताया कि रविवार रात गांव में बरात आई थी। उसके चारों बेटे सत्यम प्रकाश, देवराज, दीपक एवं शिवम बरात देखने गए थे। रात करीब 10 बजे वह बच्चों को खोजने निकला था। करीब एक घंटे बाद अपने बेटों के साथ घर पहुंचा तो देखा कि चारपायी पर उसकी पत्नी अनीता का खून से लथपथ शव पड़ा था। हत्या गला रेतकर की गई थी। इसकी जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मृत महिला के बेटे देवराज ने कोतवाली में हत्या की तहरीर दी है। कोतवाल संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं जो घटना के पीछे अवैध संबंधों की तरफ इशारा करते हैं। जल्दी ही राजफाश कर हत्यारे को जेल भेजा जाएगा।

सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित की जमानत खारिज

अंबेडकरनगर : विशेष न्यायाधीश पास्को एक्ट कोर्ट ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित की जमानत खारिज कर दी। जलालपुर थाना क्षेत्र की 14 वर्षीय किशोरी की गुआपाकड़ निवासी शिवम यादव से दोस्ती थी। शिवम यादव ने गत वर्ष 29 नवंबर की रात को किशोरी को मिलने के लिए बुलाया। किशोरी पहुंची तो देखा कि शिवम के साथ उसका मित्र सलमान भी है। इस पर वह जाने लगी तो दोनों ने उसको खेत की तरफ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को जेल भेज दिया। जिला कारागार में निरुद्ध आरोपित सलमान ने जमानत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। सुनवाई के उपरांत न्यायाधीश ने आरोपित की जमानत खारिज कर दी।

chat bot
आपका साथी