बाढ़ के पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा

तमसा के जलस्तर में ठहराव बहकर हजारों टन जलकुंभी घरों तक पहुंचीतहसील प्रशासन और नगर पालिका ने वितरित किए राशन किट और लंच पैकेट

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 11:35 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 11:35 PM (IST)
बाढ़ के पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा
बाढ़ के पानी से बढ़ा संक्रमण का खतरा

अंबेडकरनगर: बीते गुरुवार से लगातार बढ़ रहा तमसा का जलस्तर सोमवार को स्थिर दिखा, लेकिन इससे हुए नुकसान से लोगों की सांसें फूलने लगी हैं। बड़े स्तर पर फसलें बर्बाद होने से जहां किसान चितित हैं, वहीं व्यापारी लाखों की भरपाई कैसे करेंगे, यह बड़ा सवाल है। व्यापार मंडल लगातार प्रशासन से क्षतिपूर्ति की मांग कर रहा है। सोमवार को जिला प्रशासन और नगर पालिका ने संयुक्त रूप से बाढ़ ग्रस्त लोगों को राशन किट और लंच पैकेटों का वितरण कराया।

शहजादपुर नई सड़क पर जलस्तर रविवार की अपेक्षा सोमवार को करीब आधा फीट कम हुआ है, लेकिन ठहरे गंदे पानी से दुर्गंध आनी शुरू हो गई है। इससे स्थानीय लोगों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। वहीं तालाबों से बहकर हजारों टन जलकुंभी रिहाइशी इलाकों में पहुंच गई है। ट्रांसफार्मर पानी में डूब गए हैं, इससे बिजली व्यवस्था प्रभावित है। रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्तों पर कमर तक पानी भरा है। हालात यह है कि कई-कई दिनों से लोग घरों से बाहर नहीं निकल सके हैं। बीमारी आदि स्थितियों में भी अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सरकारी मदद ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है।

प्रशासन और नगरपालिका ने बांटा राशन किट : जिला प्रशासन दो दिनों से बाढ़ पीड़ितों को राशन किट बांट रहा है। सोमवार को एसडीएम मोइनुल इस्लाम के साथ तहसीलदार जेपी यादव और नायब तहसीलदार प्रदीप सिंह ने जौहरडीह, मुरादाबाद, मिर्जापुर, फतेहपुर, शाहजहांपुर, मीरानपुर, रसूलाबाद, हौजपट्टी और सिझौली में बाढ़ पीड़ितों को राशन किट और लंच पैकेट बांटे। एसडीएम ने मोहसिनपुर में बने आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। यहां 10 लोग पंजीकृत मिले। तहसील प्रशासन अब तक 1175 व्यक्तियों को सहायता पहुंचा चुका है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज गुप्त के साथ सफाई नायक आशीष शुक्ल, राजनीश, गोविदा, अतुल पाल, अनूप वर्मा, विपुल सिंह, अतुल पाल ने शहजादपुर बरात घर में बाढ़ पीड़ितों को लंच पैकेट वितरित किए। इसके आलावा अहरिया के चौखड़िया गांव में लोगों की समस्याएं सुनीं और सभी को राशन किट मुहैया कराया।

50 व्यापारियों का ढाई करोड़ का माल बर्बाद: उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रहरि ने बताया कि मोहित ट्रेडर्स, फिजा क्लाथ स्टोर, खुशबू गारमेंट, दिल्ली बैग हाउस, राजपेंट, डीएम इलेक्ट्रिकल, हीरालाल लाइट स्टोर, ओम बर्तन एवं गैस चूल्हा समेत बाढ़ से प्रभावित 50 व्यापारियों की लिस्ट मिली है, जिनका करीब ढाई करोड़ रुपये का सामान बर्बाद हो गया है। अन्य व्यापारियों की लिस्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुआवजा दिलाने की मांग की जाएगी। सपा नेता अनिल मिश्र ने दुकानदारों और आम नागरिकों को हुए नुकसान का आकलन कराकर दैवीय आपदा राहत कोष से भरपाई करने की मांग डीएम से की है।

chat bot
आपका साथी