टीकाकरण के लिए उमड़ी भीड़, माहभर बाद मिले दो संक्रमित

पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होने से एक सप्ताह से टीकाकरण में तेजी आई है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 25 Aug 2021 10:30 PM (IST) Updated:Wed, 25 Aug 2021 10:30 PM (IST)
टीकाकरण के लिए उमड़ी भीड़, माहभर बाद मिले दो संक्रमित
टीकाकरण के लिए उमड़ी भीड़, माहभर बाद मिले दो संक्रमित

अंबेडकरनगर: पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होने से एक सप्ताह से टीकाकरण में तेजी आई है। विभाग ने केंद्रों के साथ बूथों की संख्या बढ़ाई तो रोजाना लगभग 10 हजार लोगों का टीकाकरण हो रहा है। लक्ष्य में भी इजाफा किया गया है। बुधवार को खराब मौसम के बावजूद युवाओं, महिलाओं की सुबह से ही काफी भीड़ जुटी रही। स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त जगह नहीं होने से शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती रहीं। लोगों को कई घंटों तक लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सभी 11 केंद्रों पर लक्ष्य से कम टीकाकरण हुआ। उधर, करीब एक माह बाद दो संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है।

बुधवार को 11 केंद्रों पर कुल 36 बूथ संचालित किए गए। टीका लगवाने के लिए जिला अस्पताल में महिला केंद्र पर सुबह से ही कतार लगी रही। भीड़ नियंत्रित करने में स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। निर्धारित लक्ष्य 12400 के सापेक्ष 11691 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि वैक्सीन अब पर्याप्त मात्रा में मुहैया हो रही है। दूसरी डोज वाले शनिवार को केंद्रों पर जाएं। आसानी से टीका लग जाएगा। रोजाना भीड़ बढ़ाने से लोगों की परेशानी बढ़ती है।

36 बूथों पर हुआ टीकाकरण : अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 6846 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 3337 के साथ 988 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 300 और महिला स्पेशल केंद्र पर 220 को टीका लगाया गया।

माहभर बाद दो संक्रमित मिले: बुधवार को एक साथ दो संक्रमित मिले, जबकि कोई स्वस्थ नहीं हुआ। जिले में अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। दो को होम आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि दो मरीजों का इलाज लखनऊ स्थित अस्पताल में चल रहा है। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय वर्मा ने बताया कि बुधवार को मिले संक्रमितों में एक महिला और एक पुरुष है। दोनों की उम्र 65 से 70 के बीच है। उन्होंने लोगों से पहले जैसी सतर्कता बरतने की अपील की है। कहा कि जरा सी भी लापरवाही पूरे समाज को खतरे में डाल सकती है, इसलिए सभी सावधान रहें और गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करते रहें।

chat bot
आपका साथी