महाभियान में केंद्रों पर लंबी-लंबी कतार, लाभार्थी 33 हजार के पार

कोरोना से बचाव के लिए शुक्रवार को टीकाकरण का तीसरा महाभियान चलाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 27 Aug 2021 08:32 PM (IST) Updated:Fri, 27 Aug 2021 08:32 PM (IST)
महाभियान में केंद्रों पर लंबी-लंबी कतार, लाभार्थी 33 हजार के पार
महाभियान में केंद्रों पर लंबी-लंबी कतार, लाभार्थी 33 हजार के पार

अंबेडकरनगर: कोरोना से बचाव के लिए शुक्रवार को टीकाकरण का तीसरा महाभियान चलाया गया। कुल 31 गांवों और 36 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। शिविरों में सुबह सात बजे से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए और देखते ही देखते लंबी कतार लग गई। कड़ी मशक्कत के बाद टीके की डोज लग पाई। सीडीओ ने बसखारी के मीनापुर, भिदूण तथा मसड़ा मोहनपुर केंद्रों का निरीक्षण किया। टीका लगवाने की इतनी होड़ रही कि भीड़ के बीच शारीरिक दूरी की शर्तें कदम दर कदम टूटती रहीं। गांवों में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। शुक्रवार को 31 गांवों में केंद्र संचालित किए गए। इसके साथ जिला चिकित्सालय, मेडिकल कालेज, सभी सीएचसी और पीएचसी पर भी टीकाकरण हुआ। माह में अब दो बार महाभियान चलाया जाएगा। इससे पहले 17 अगस्त को अभियान चलाया गया था। इसमें हजारों लोगों का टीकाकरण हुआ था। शुक्रवार को निर्धारित लक्ष्य 43200 के सापेक्ष 33895 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि महाभियान में काफी संख्या में लोगों को टीका लगाया जा रहा है और अब लोग स्वयं केंद्रों तक आ रहे हैं, जो अच्छी बात है।

------------

67 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण : महाभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 12600 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 6000 के साथ 2460 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 400 और महिला स्पेशल केंद्रों पर 1214 को टीका लगाया गया। उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार को गांवों में केंद्र नहीं संचालित होंगे और अन्य सीएचसी पर सिर्फ दूसरी ही डोज लगेगी।

नहीं मिला संक्रमित : शुक्रवार को नया संक्रमित नहीं मिला और न ही कोई स्वस्थ हुआ। अब जिले में कुल पांच सक्रिय केस हैं। तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि दो मरीजों का इलाज लखनऊ में चल रहा है।

खत्म हो गई वैक्सीन- मालीपुर: जलालपुर ब्लाक के रुधौली अदाई प्राथमिक विद्यालय पर टीकाकरण के लिए सैकड़ों महिलाएं और पुरुष कतारबद्ध नजर आए। एएनएम राधिका शर्मा, प्रियंका पांडेय, कंचन मिश्रा, नीलम वर्मा समेत दर्जनों कर्मचारियों ने कुल एक हजार लाभार्थियों को टीका लगाया। वैक्सीन खत्म होने के चलते सैकड़ों लाभार्थियों को घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद बैरंग घर लौटना पड़ा।

chat bot
आपका साथी