टीकाकरण कराने उमड़े लोग, युवाओं की भागीदारी अहम

इन दिनों पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होने से टीकाकरण की रफ्तार बढ़ रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 10:42 PM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 10:42 PM (IST)
टीकाकरण कराने उमड़े लोग, युवाओं की भागीदारी अहम
टीकाकरण कराने उमड़े लोग, युवाओं की भागीदारी अहम

अंबेडकरनगर: इन दिनों पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध होने से टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी है। रोजाना 10 से 15 हजार लोगों को टीका लगाया जा रहा है। इसमें युवाओं की भागीदारी बेहतर साबित हो रही है। बुधवार को सभी केंद्रों पर भीड़ दिखी, हालांकि स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त जगह न होने से शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ती रहीं। अधिकांश लाभार्थी बिना मास्क के ही दिखे, जबकि खांसी, जुकाम और वायरल फीवर का दौर चल रहा है। भीड़ के चलते लोगों को कई घंटों तक लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। सभी 11 केंद्रों पर लक्ष्य से कम टीकाकरण हुआ।

बुधवार को फिर 11 केंद्र ही संचालित किए गए। कुल 42 बूथ बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के बीच के युवाओं का हुजूम उमड़ा। जिला अस्पताल में महिला केंद्र पर सुबह से ही लाइन लगी रही। भीड़ नियंत्रित करने में स्वास्थ्य कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पूरे जिले में निर्धारित लक्ष्य 12000 के सापेक्ष नौ हजार एक सौ लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि वैक्सीन अब पर्याप्त मात्रा में मुहैया हो रही है। इसलिए केंद्रों के साथ बूथों की भी संख्या बढ़ाई जा रही है।

42 बूथों पर हुआ टीकाकरण : अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 5250 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 2250 के साथ 1000 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 200 और महिला स्पेशल केंद्र पर 300 को टीका लगाया गया।

नहीं मिला कोई संक्रमित : बुधवार को भी नया संक्रमित नहीं मिला, वहीं कोई स्वस्थ भी नहीं हुआ। जिले में अभी कुल तीन सक्रिय केस हैं। तीनों मरीजों का लखनऊ स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है। संक्रमण थमने के बावजूद डाक्टर लापरवाही नहीं बरतने की चेतावनी दे रहे हैं।

chat bot
आपका साथी