फिर दिखी वैक्सीन की कमी, टीका केंद्र प्रभावित

वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान जहां प्रभावित हो रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 10:43 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 10:43 PM (IST)
फिर दिखी वैक्सीन की कमी, टीका केंद्र प्रभावित
फिर दिखी वैक्सीन की कमी, टीका केंद्र प्रभावित

अंबेडकरनगर : वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण अभियान जहां प्रभावित हो रहा है, वहीं संविदा कर्मियों की हड़ताल से भी अभियान को पलीता लग रहा है। टीका केंद्रों में इजाफा नहीं होने से टीकाकरण के दौरान धक्कामुक्की तक की नौबत आ रही है। अब एक बार फिर गावों में संचालित टीका केंद्रों को बंद कर दिया गया है। अब सिर्फ 11 केंद्र ही संचालित किए जा रहे हैं। इसमें कुल 37 बूथ बनाए गए हैं।

कई जगहों पर वैक्सीन की कमी का दंश झेलना पड़ रहा है। सोमवार को भी टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 44 वर्ष के युवाओं की भागीदारी अच्छी दिखी। जिला अस्पताल में महिला केंद्र पर कोई भी टीका नहीं लग सका। निर्धारित लक्ष्य 5400 के सापेक्ष 8553 लोगों को टीका लगाया गया, जो लक्ष्य का 158 फीसद रहा। वैक्सीन की उपलब्धता के मुताबिक रोजाना लक्ष्य भी घट-बढ़ रहा है। सीएमओ डा. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि वैक्सीन की मांग की जा रही है। इसी के मुताबिक केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन की कमी के चलते गांवों के केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

11 केंद्रों पर हुआ टीकाकरण : अभियान के तहत 18 से 44 वर्ष वालों में 5043 को टीका लगाया गया। 45 से अधिक उम्र वालों में 2570 के साथ 780 को दूसरी डोज दी गई। अभिभावक केंद्र पर 160 को टीका लगाया गया।

तीन सक्रिय केस, नहीं मिल रहे नए मरीज : कोरोना संक्रमण से जल्द पूर्ण रूप से राहत मिल सकती है। सोमवार को न कोई पाजिटिव केस मिला न कोई स्वस्थ हुआ। सक्रिय मरीजों की संख्या अब महज तीन पर सिमट गई है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेशन में एक मरीज, मेडिकल कालेज और एल-टू टांडा में कोई भी मरीज नहीं है। दो मरीज का इलाज लखनऊ में चल रहा है। सोमवार को कुल 2107 लोगों की जांच हुई। आरटीपीसीआर से 2107, ट्रूनेट से 20 तथा एंटीजन से 861 लोगों की जांच की गई।

chat bot
आपका साथी