झूमकर बरस रही सावन की काली घटा, मौसम सुहाना

सावन का महीना शुरुआत से अपनी रंगत बिखेरने लगा है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 11:27 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 11:27 PM (IST)
झूमकर बरस रही सावन की काली घटा, मौसम सुहाना
झूमकर बरस रही सावन की काली घटा, मौसम सुहाना

अंबेडकरनगर : सावन का महीना शुरुआत से अपनी रंगत बिखेरने लगा है। सुबह, दोपहर व शाम से लेकर रातभर सावन की काली घटाएं झूमकर बरस रही हैं। इससे तापमान में गिरावट होने से मौसम का मिजाज सुहाना हो गया है। भीषण गर्मी एवं उमस से राहत मिलने के बाद जनजीवन राहत महसूस कर रहा है। सिचाई का खर्च बचने से अन्नदाताओं के चेहरे भी खिल गए हैं। कीचड़ व जलभराव की समस्या ने जरूर पांव पसारा है।

पिछले तीन दिनों से मानसूनी बारिश थम-थमकर हो रही है। जिला मुख्यालय से गांवों तक जगह-जगह तेज और धीमी बारिश होने का सिलसिला जारी है। गत शनिवार को रातभर बारिश होती रही। रविवार सुबह भी काली घटा छाई रही और दिनभर तेज व धीमी बरसात जारी रही। पुलिस लाइन परिसर से लेकर बसखारी मार्ग, अयोध्या मार्ग, बस अड्डे आदि स्थानों पर जलभराव देखने को मिला। जलनिकासी में नाकाम नाली एवं नालों का पानी सड़क पर फैल गया है। दोपहर बाद बारिश कुछ देर के लिए थमी और मौसम साफ होते सूर्यदेव ने दर्शन दिए। इसके बाद उमस ने पांव पसारना शुरू कर दिया।

तापमान में उतार-चढ़ाव: बारिश एवं धूप खिलने से तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। रविवार को जिले का तापमान अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आगामी रविवार तक काले बादलों की आवाजाही लगे रहने व बारिश होने का अनुमान लगाया है। मौसम में उठापटक जारी रहने से संक्रामक बीमारियों में जुकाम, बुखार, खांसी और त्वचा संबंधी रोगों ने पांव पसार लिया है।

chat bot
आपका साथी