70 से अधिक कच्चे घर गिरे, तीन लोगों की मौत, 20 घायल
बीते 48 घंटों की मूसलाधार बारिश से दर्जनों गांवों में 70 से अधिक मिट्टी के मकान ढह गए।
अंबेडकरनगर: बीते 48 घंटों की मूसलाधार बारिश से दर्जनों गांवों में 70 से अधिक मिट्टी के मकान व सैकड़ों पेड़ गिर गए। इसके नीचे दबकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। कई गांवों में मवेशियों की भी मौत हुई है। इन घटनाओं में लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। डीएम, सीडीओ, एसडीएम, बीडीओ और राजस्व कर्मी नुकसान का जायजा लेने को दिनभर दौरे पर रहे।
अकबरपुर तहसील में बनगांव के टेढ़वा में गुरुवार रात करीब एक बजे रामरतन का घर गिर गया। इसके मलबे में दबकर उनकी बेटी आरती की मौत हो गई। हादसे में वंशराजी और विभा घायल भी हुई हैं। बेलऊआ बरियारपुर गांव में भी दो घर गिरे हैं। एसडीएम मोइनुल इस्लाम ने जायजा लेकर नुकसान के आकलन का निर्देश दिया है।
जहांगीरगंज थाने के हथिनालाला गांव के आदर्श दुबे, पड़ोसी जनपद आजमगढ़ के अतरौलिया स्थित अस्पताल जा रहे थे। भभौरा अतरौलिया रोड पर भवनाथपुर बाजार के पास तेज हवा के झोंके से पेड़ की डाल आदर्श दुबे पर गिर गई। इससे घायल आदर्श की इलाज के दौरान मौत हो गई। राजेसुलतानपुर थाने के राजेशहरयारपुर तथा बलरामपुर गांव के फागू सोनकर, रमाकांत तिवारी, मोती व वकील अहमद का कच्चा घर गुरुवार की रात गिर गया। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। हादसे में लाखों की गृहस्थी का नुकसान हुआ है। भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के महामंत्री मोहम्मद शाहिद अंसारी ने प्रशासन से पीड़ित परिवारजन को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
मालीपुर: जलालपुर तहसील में गत रात नगपुर गांव में घर गिरने से बुजुर्ग महिला ठकुरी देवी की मौत हो गई। खजूरी करौंदी बाजार में पीपल का पेड़ गिरने से शंकर व मानबहादुर का घर क्षतिग्रस्त हो गया। टूटहवा गांव में ध्रुव चौहान व इंद्रकला का घर गिर गया। ध्रुव चौहान के घर का मलबा राममूरत के घर पर गिर पड़ा, इससे किशोरी घायल हो गई। उमर बांध पुरवे में लक्ष्मण चौहान व इंदु चौहान, भदोई में साधुसरन, सुरेंद्र प्रताप व शिवदत्त, करमिसिरपुर में रीता यादव का कच्चा घर गिर गया। तहसीलदार आलोक रंजन सिंह ने बताया कि नुकसान का आकलन चल रहा है।
भीटी तहसील में बरसात से दर्जनों रिहायशी मकान गिर गए। इसमें आठ लोग घायल हुए हैं। बरामदपुर जरियारी गांव में मुख्तार, विनोद कुमार, हैदरअली, रामनवल, रामलोद वर्मा, राघवराम वर्मा, रघुबर, रामचंद्र, राकेश कुमार का घर गिरा है। विद्या देवी व सविता गंभीर रूप से घायल हैं। सिलावट गांव में सियाराम पाल, विदेश्वरी उपाध्याय, शिवसहाय पाल, हृदयराम, फिरतूराम का कच्चा घर ढह गया। रिउना गांव में राजकुमारी का घर गिर गया। बरामदे में बैठे घर के छह लोग बाल-बाल बच गए। घर का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार अपने पड़ोसी के घर पर पनाह लिए है। छीतनपट्टी गांव के बृजेश का रिहायशी कच्चा मकान गिर गया। मिझौड़ा गांव में राशिद, हयात कुरैशी का मकान गिर गया। हिच्छूपुर में रामसुमेर निषाद का मकान ढह गया। चककोडार में रामतीरथ यादव, अजय जायसवाल, चम्मन लाल व मिश्रीलाल का घर गिर गया। रावनडीह में शिवनरायन पाल व हारीपुर में झिनकन पाल का घर ढह गया। पहुंती गांव में विजय शंकर तिवारी व विजय कुमार तिवारी का मकान व मंदिर ढह गया। पकड़ी दल्लापुर गांव में अख्तर अली एवं दुर्गाप्रसाद वर्मा व आमी में श्रवन तिवारी का मकान गिरा है। परवरभारी गांव में रामकुमार, जगन्नाथ यादव, संतराम गुप्त, मुन्नीलाल, लल्लन प्रसाद, राजितराम एवं चंदौका गांव में रामनेवाज दूबे, धरम दत्त दूबे का मकान ढह गया। बनगांव में सोहनलाल धुरिया के गोशाले पर बरगद का पेड़ गिर गया। इसके नीचे दबकर एक भैंस की मौत हो गई, जबकि उनके दो बच्चे चोटिल हो गए।
राजेसुलतानपुर थाने के समडीह गांव में भारी बारिश से पद्माकर तिवारी, राजेश्वर एवं जगदंबा तिवारी का कच्चा घर गिर गया। मलबे में दबकर गृहस्थी का सामान व राशन नष्ट हो गया। देवरिया बाजार के इटौरीखुर्द गांव में तीर्थराज प्रजापति व उदयभान का घर गिरा है। सम्मनपुर थाने के सलाहुद्दीनपुर गांव में पशुशाला गिर गई, लेकिन मवेशी सुरक्षित हैं। टांडा के उप जिलाधिकारी अभिषेक पाठक ने बताया कि अभी तक आठ कच्चे घर गिरने की सूचना मिली है। कहीं जनहानि नहीं हुई है। नुकसान का जायजा लिया जा रहा है।
-सांप काटने से मौत-
जहांगीरगंज : जलभराव से व्याकुल जीव-जंतु आबादी की ओर भाग रहे हैं। विषैले जंतु सुरक्षित ठिकाने की तलाश में घरों में घुस रहे हैं। जहांगीरगंज थाने के शहाबुद्दीनपुर गांव में राजेश की पुत्री अंशिका को सांप ने काट लिया। इससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिवार की मदद की: जलालपुर तहसील के नगपुर गांव में घर गिरने से बुजुर्ग ठकुरी देवी की मौत पर सपा जिला उपाध्यक्ष डा. अभिषेक सिंह ने परिवारजन से मिलकर शोक-संवेदना जताई और आर्थिक मदद की। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक मदद के साथ पक्का आवास दिलाने की मांग की।