छिटपुट बारिश में धान की रोपाई पकड़ने लगी जोर

मानसूनी बारिश के इस सप्ताह भी जारी रहने के आसार बने हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Jun 2021 10:07 PM (IST) Updated:Sun, 27 Jun 2021 10:07 PM (IST)
छिटपुट बारिश में धान की रोपाई पकड़ने लगी जोर
छिटपुट बारिश में धान की रोपाई पकड़ने लगी जोर

अंबेडकरनगर : मानसूनी बारिश के इस सप्ताह भी जारी रहने के आसार बने हैं। पिछले कुछ दिनों से छिटपुट बारिश जारी है। खास तौर पर ग्रामीणांचल में कही तेज तो कहीं धीमी बारिश रोजाना हो रही है। काले बादलों की आवाजाही के बीच रविवार सुबह चटख धूप खिली। इससे तापमान में इजाफा होने लगा है। इससे गर्मी और उमस ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। रविवार को जिले का तापमान अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बारिश से कहीं भी जानमाल के नुकसान होने की खबर नहीं मिली है। वहीं जलभराव और कीचड़ की समस्या शहर से लेकर गांव तक प्रमुख और संपर्क मार्गों पर बनी है।

अन्नदाता के चेहरे पर खुशी : मानसूनी बारिश का पानी पाकर किसानों के चेहरे खिल गए हैं। किसान दिन दिनों धान की रोपाई में तेजी से जुटे हैं। खेतों में बारिश का पानी रोकने का इंतजाम किसानों ने पुख्ता कर लिया है। किसान सभाजीत वर्मा बताते हैं कि बारिश का पानी ऐन वक्त पर मिला है। धान की रोपाई के लिए सिचाई को लेकर पसीना छूट रहा था। डीजल की मंहगाई को देखते हुए हजारों रुपये का बोझ सिचाई में पड़ने वाला था। बारिश ने इसे हल्का करते हुए बड़ी राहत दी है। किसान देवानंद मिश्र कहते हैं कि बारिश का पानी किसानी के लिए वरदान है। सिचाई के पानी से वह फायदा नहीं होता है, जो बरिश के पानी से मिलता है। ऐसा ही मौसम रहा तो, धान रोपाई पूरी होने के साथ खेत में आवश्यकता के अनुसार नमी भी बनी रहेगी।

संक्रामक रोग हुए हावी: तापमान में उतार-चढ़ाव से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। इससे संक्रामक रोग हावी होने लगे हैं। सर्दी, जुकाम, बुखार के अलावा बारिश और उमस के बीच त्वचा संबंधी रोग भी बढ़े हैं। जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सक इस मौसम में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हैं। बच्चों और बुजुर्गों संग गर्भवती महिलाओं की खास देखभाल करने की हिदायत दी जा रही है। खानपान को लेकर भी सतर्कता बरतने के बारे में बताते हुए चिकित्सक कहते हैं कि बासी भोजन करने से बचने की जरूरत है।

chat bot
आपका साथी