सिस्टम खराब बताकर टोल प्लॉजा ने बंद किया रास्ता

नेशनल हाईवे-233 वाराणसी-लुम्बिनी पर आलापुर तहसील क्षेत्र के अमड़ी में बने टोल प्लाजा पर दो गेट बंद होने से अक्सर जाम लग रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Dec 2020 10:54 PM (IST) Updated:Mon, 28 Dec 2020 10:54 PM (IST)
सिस्टम खराब बताकर टोल प्लॉजा ने बंद किया रास्ता
सिस्टम खराब बताकर टोल प्लॉजा ने बंद किया रास्ता

अंबेडकरनगर: नेशनल हाईवे-233 वाराणसी-लुम्बिनी पर आलापुर तहसील क्षेत्र के अमड़ी में बने टोल प्लाजा पर आवागमन के दो रास्ते बंद हैं। टोल प्रबंधन इसकी वजह टोल टैक्स काटने वाली पर्ची की मशीन में खराबी बता रहा है। हालांकि ये दोनों रास्ते काफी दिनों से बंद हैं। मार्ग बाधित करने के पीछे कर्मचारी की तैनाती पर आने वाले खर्च को बचाना बताया जाता है। रास्ता बाधित करने की सूचना जिला प्रशासन को भी देना मुनासिब नहीं समझा गया। जबकि यहां आए दिन जाम की समस्या होती है।

यातायात व्यवस्था को निर्बाध संचालित करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। हाईवे पर टोल अदा करने में जाम की समस्या न आए, इसके अलावा सफर में वक्त की बचत के लिए फास्टैग व्यवस्था को प्रभावी किया गया है। इस व्यवस्था को यहां टोल प्लाजा प्रशासन ही पलीता लगा रहा है। निर्बाध सफर के लिए अमड़ी टोल प्लाजा पर छह लेन बनाए गए हैं ताकि फास्टैग लगे वाहन बेरोकटोक निकल सकें। नवनिर्मित इस हाईवे पर वाहनों का दबाव कम होने के बाद भी यहां जाम की समस्या देखने को मिलती है। वजह वाहनों के आवागमन का दबाव कम देख टोल प्लाजा प्रबंधन यात्री सुविधाओं में ही मनमानी कटौती कर चुका है। लंबे समय से यहां चार लेन में दो से वाहन आते और दो से जाते हैं। जबकि एक लेन से आने और दूसरी लेन से जाने का रास्ता बंद है। टोल प्लाजा के प्रबंधक ने बताया कि सिस्टम में खराबी आने के कारण कुछ दिनों से दो लेन बंद किए गए हैं। इसे जल्द ही चालू करा दिया जाएगा।

फास्टैग के मानकों का नहीं करते पालन : फास्टैग लगे वाहनों को सीधे तौर पर अगल लेन से जाने की व्यवस्था टोल प्लाजा प्रशासन को करनी चाहिए। हालांकि अमड़ी टोल प्लाजा पर यह बेमानी साबित होता है। यहां फास्टैग लगा होने के बाद भी वाहन चालकों को सामान्य लाइन में आगे जाने के लिए इंतजार करना पड़ता है। आने की दोनों तथा जाने की दोनों लाइनों में मैनुअल टोल टैक्स के लिए पर्ची काटी जाती है। फास्टैग की लाइन में बिना फास्टैग के वाहन के घुसने को खुली छूट है। टोल प्लाजा पर दो लेन बंद किए जाने की सूचना नहीं मिली है। सिस्टम की खराबी से मार्ग बाधित किया जाना गलत है। इस संबंध में टोल प्लाजा के प्रबंधक से जवाब मांगा जाएगा। व्यवस्था को सुचारु करने का निर्देश दिया जा रहा है।

डॉ. पंकज वर्मा, एडीएम

chat bot
आपका साथी