फरसे से महिला का गला काटकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

परिवार के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंची महिला की युवक ने गलाकाटकर हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 10:59 PM (IST) Updated:Sun, 14 Nov 2021 10:59 PM (IST)
फरसे से महिला का गला काटकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार
फरसे से महिला का गला काटकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

अंबेडकरनगर : परिवार के बीच हो रही मारपीट में बीच-बचाव करने पहुंची महिला की युवक ने फरसे से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने पिता पर भी जानलेवा हमला किया। इससे वह भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर खून से सने फरसे को बरामद किया है। मामला भीटी थाना के गांव मल्लेपुर का है।

सनकी और मनबढ़ रोहित मौर्य गांव में अक्सर फरसा लेकर खुलेआम घूमता रहता है। सुबह करीब साढ़े दस बजे घर में माता-पिता से झगड़ा कर रहा था। विरोध पर उसने उनकी पिटाई शुरू कर दी। परिवारीजनों के बीच-बचाव से वह आक्रोशित हो गया और अपने पिता पर फरसे से हमला कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर पड़े। इस बीच वहां पहुंची पड़ोस की महिला प्रभावती बीच-बचाव करने लगी। आक्रोशित आरोपित ने महिला के गले पर प्रहार कर दिया। इससे महिला का गला कटकर लटक गया। दोबारा उसके सीने पर वार कर दिया। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर ग्रामीण पहुंचे तो वह फरसे के साथ गांव से भाग गया। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। आरोपित युवक को गांव के बाहर गिरफ्तार कर लिया। निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के पुत्र सत्तू मौर्य की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच व कार्रवाई की जा रही है।

दो वर्ष से फरसा लेकर गांव में घूमता था युवक: करीब दो वर्षों से वह हाथ में फरसा लिए गांव में घूमता है। पहले भी मामूली बात को लेकर कई लोगों से मारपीट के बाद फरसे से बोटी-बोटी काटकर हत्या की धमकी दिया है। इसके आतंक से ग्रामीण खौफजदा हैं। इसके चलते ग्रामीण बीच-बचाव व उसे पकड़ने से बचते रहे। ग्रामीणों ने बताया कि उसकी इस करतूत व आतंक के बारे में कई बार पुलिस को बताया गया था। पुलिस उसे पकड़ने के लिए गांव पहुंचती तो वह फरार हो जाता था। ग्रामीणों ने बड़ी घटना की आशंका पहले ही जतायी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

निर्मम हत्या से कांप उठे ग्रामीण : इस निर्मम हत्या से पूरा गांव कांप उठा। अपनी आंखों के सामने घटना होता देखा, लेकिन उसके आतंक के आगे वे महिला को बचाने के बजाय खुद को असहाय महसूस करते हुए तमाशबीन बने रहे।

chat bot
आपका साथी