सड़क पर फर्राटा भर रहे मौत बांटने वाले

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में परिवहन निगम भले ही वाहन चालकों को यातायात नियम का पाठ पढ़ाए पर अवैध संचालित वाहनों पर प्रतिबंध नहीं लग पा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 11:17 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 11:17 PM (IST)
सड़क पर फर्राटा भर रहे मौत बांटने वाले
सड़क पर फर्राटा भर रहे मौत बांटने वाले

अंबेडकरनगर: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में परिवहन निगम भले ही वाहन चालकों को यातायात जागरूकता का पाठ पढ़ाने और नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाने का दावा करता हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे इतर है। नियम-कानून ताख पर रख हादसों से खेला जा रहा है। जिला मुख्यालय स्थित ओवरब्रिज पर एक ट्रैक्टर सरिया लादकर फर्राटा भर रहा था। सरिया ट्रैक्टर-ट्राली से करीब दस फिट बाहर निकली थी। बाइक सवार ने ट्रैक्टर को ओवरटेक करते समय सामने से आते चार पहिया वाहन को देख जैसे ही ब्रेक लगाई, ट्रॉली पर लदी सरिया उसको छूते हुई निकल गई। जरा सी असावधानी से युवक की जान जा सकती थी। दूसरी घटना अयोध्या मार्ग की है। यहां तहसील तिराहे से गुजर रहे ट्रैक्टर पर बिजली विभाग के लोहे के दो खंभे लदे थे। इसका 15 फीट हिस्सा बाहर निकला था। उस वाहन के पीछे चल रहे दूसरे लोग खुद को बचाने में परेशान दिखे। वहीं तहसील तिराहे पर खड़े यातायात एवं पुलिसकर्मी महज मूकदर्शक बने रहे। आए दिन जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल की सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जिम्मेदार इन वाहनों पर कार्रवाई करने से गुरेज कर रहे हैं। हाल में बसखारी और शहजादपुर मार्ग पर ऐसे वाहनों के चलते तीन लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से ऐसे वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं।

ट्रैक्टर या अन्य वाहनों द्वारा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। जल्द अभियान चलाया जाएगा।

बीडी मिश्र, एआरटीओ

सड़क पर मौत बनकर दौड़ रहे इन वाहनों को कतई चलने नहीं दिया जाएगा। एआरटीओ से वार्ता कर विशेष अभियान चलाकर इनपर कार्रवाई की जाएगी।

अशोक सिंह, सीओ सदर

chat bot
आपका साथी