दिवस अधिकारी लापता और महिला हेल्पडेस्क पर सन्नाटा

पुलिस थानों में आमजन की सुनवाई अब तक आसान नहीं हो पाई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 11:22 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 11:22 PM (IST)
दिवस अधिकारी लापता और महिला हेल्पडेस्क पर सन्नाटा
दिवस अधिकारी लापता और महिला हेल्पडेस्क पर सन्नाटा

अंबेडकरनगर: मौसम खराब होने से थाने पर फरियाद लेकर आने वालों की भीड़ बाकी दिनों के सापेक्ष रविवार को काफी कम थी। जो लोग आए भी थे, उनकी समस्या का निस्तारण करना दूर सुनने वाला ही कोई नहीं था। कोतवाली अकबरपुर से लेकर महिला व महरुआ थाने में इसी तरह की स्थिति दिखी। तीनों थानों के प्रभारी क्राइम मीटिग व शिष्टाचार कार्यशाला में मशगूल रहे तो दिवस अधिकारी लापता रहे। महिला हेल्प डेस्क की कुर्सियां भी खाली रहीं।

कोतवाली अकबरपुर: सुबह करीब साढ़े दस बजे दिवस अधिकारी अभिमन्यु और महिला हेल्प डेस्क की कुर्सी खाली थी। यहां आए सीओ अशोक कुमार सिंह और एसडीएम मोइनुल इस्लाम फोर्स लेकर लौट गए। इन्हें जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन को रोकना था। इनके पीछे ही कोतवाल अमित प्रताप सिंह भी भागते हुए निकल गए। कोतवाली परिसर में बरगद के पेड़ की छांव में खड़े अमरेश कुमार, दिलीप सोनकर, शिव बहादुर आदि भूमि विवाद से जुड़े मसले के बारे में साहब को कुछ बता भी नहीं पाए। यहां तक कि जरूरी कागजों पर दस्तखत के लिए भी साहब ने लौटने तक इंतजार करने को कहा। बुजुर्ग रमापति ने उप निरीक्षक मनोज कुमार से हाथ जोड़कर न्याय की गुहार लगाई तो उन्होंने भरोसा दिलाया। यहां अधिकांश पुलिस कर्मी बगैर मास्क के नजर आए। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि वे फोर्स के साथ प्रदर्शन स्थल पर गए हैं। दिवस अधिकारी और महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मी से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई की जाएगी।

महिला थाना : करीब 11 बजे यहां सन्नाटा पसरा रहा। थाना प्रभारी अपराध समीक्षा बैठक में गईं थीं। दिवस अधिकारी की कुर्सी यहां भी खाली दिखी। यहां विक्रमपुर से आए कुछ लोगों ने पारिवारिक विवाद सुलझने का दावा करते हुए लिखापढ़ी कराने का अनुरोध किया। महिला आरक्षी रेखा ने सहमति में सिर हिलाया और सभी हाथ जोड़कर लौट गए। महिला होमगार्ड और एक आरक्षी मोबाइल में मशगूल रही।

महरुआ थाना: सुबह 10.20 बजे थानाध्यक्ष नागेंद्र सरोज की कुर्सी खाली मिली। दिवस अधिकारी व महिला हेल्प डेस्क की कुर्सी भी खाली थी। मुंशी लिखापढ़ी में व्यस्त थे। दारोगा अशोक सिंह क्षेत्र में निकले थे। दारोगा शिवकुमार सिंह, शिव समीर यादव थाने नहीं पहुंचे थे। नरहरपुर गांव से आए मेवालाल की भूमि संबंधी शिकायत आरक्षी प्रकाश व प्रवीण सुन रहे थे।

पुलिसकर्मियों को अनुशासित रहकर जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने और निस्तारण कर संतुष्ट करने का निर्देश दिया गया है। इसमें लापरवाही किए जाने पर जांचोपरांत कार्रवाई होगी।

आलोक प्रियदर्शी, एसपी

chat bot
आपका साथी