घाघरा नदी का 24 घंटे में 39 सेंमी बढ़ा जलस्तर

घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। अभी तक बाढ़ में धीमी गति से बढ़ोत्तरी व तेजी से गिरावट का सिलसिला चलता रहा है। पहली बार जलस्तर में तेजी से उफान आया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 30 Jul 2020 10:29 PM (IST) Updated:Thu, 30 Jul 2020 10:29 PM (IST)
घाघरा नदी का 24 घंटे में 39 सेंमी बढ़ा जलस्तर
घाघरा नदी का 24 घंटे में 39 सेंमी बढ़ा जलस्तर

अंबेडकरनगर : घाघरा नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। अभी तक बाढ़ में धीमी गति से बढ़ोत्तरी व तेजी से गिरावट का सिलसिला चलता रहा है। पहली बार जलस्तर में तेजी से उफान आया है। बीते 24 घंटे में 39 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी होने से तटीय इलाकों में फिर से बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है। हालांकि अभी खतरे के निशान तक ही पहुंची है। मानसूनी बारिश के आगामी दिनों में अधिक सक्रिय होने से दिलों की धड़कने बढ़ने लगी हैं। टांडा संवादसूत्र के मुताबिक घाघरा नदी के जलस्तर में बीते बुधवार के सापेक्ष गुरुवार को 39 सेंटीमीटर का बढ़ा है। दोपहर दो बजे रिकार्ड हुए जलस्तर में नदी खतरे के निशान 92.730 मीटर से एक सेंटीमीटर ऊपर 92.740 मीटर पर है। टांडा और आलापुर तहसील क्षेत्र में तटीय गांवों में बाढ़ का खतरा गहराने लगा है। उफनाती लहरें खतरे के लाल निशान को पार कर चुकी हैं। पशुओं के लिए चारे का संकट खड़ा है। रास्तों पर जलभराव से ग्रामीण जोखिम उठा रहे हैं। प्रशासन ने तटीय गांवों के पास नावों के साथ नाविकों को तैनात कर रखा है। टांडा एसडीएम अभिषेक पाठक एवं आलापुर एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव ने प्रभावित गांवों का जायजा लिया। टांडा तहसील के मांझा उल्टहवा के सात पुरवों तक बाढ़ का पानी पहुंच चुका है। इसमें मांझा कला व गंगापुर प्रभावित होने लगे हैं। आलापुर तहसील क्षेत्र के आराजी देवारा, मांझा कम्हरिया एवं सिद्धनाथ गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

दोपहर बाद घुमड़ने लगे काले बादल : गुरुवार की सुबह से धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। इससे पारा चढ़ा तो उमस बढ़ने लगी। प्रमुख एवं संपर्क मार्गों समेत आबादी के इलाकों में अभी जलभराव है। वहीं दोपहर बाद काले बादल घुमड़ने लगे और बारिश के आसार बन गए हैं। ग्रामीणांचल में छिटपुट स्थानों पर बारिश होने की जानकारी मिली है। इससे मौसम सुहाना होने लगा है। जिले का तापमान अधिकतम 30 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने भी आगामी सप्ताह में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश रोजाना का अनुमान लगाया है।

chat bot
आपका साथी