घाघरा लाल निशान के पार

बुधवार को दो बजे दिन में नदी का जलस्तर 93.360 मीटर पर रहा। तहसील क्षेत्र के मांझा अवसानपुर के 150 व्यक्तियों को बाढ़ चौकी में विस्थापित किया गया है। उन्हें पका पकाया भोजन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 09:35 PM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 09:35 PM (IST)
घाघरा लाल निशान के पार
घाघरा लाल निशान के पार

अंबेडकरनगर : बुधवार की सुबह हल्की बूंदाबांदी के बाद धूप खिली रही। जिले का तापमान अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। घाघरा नदी का जलस्तर घट रहा है। इसके बाद भी नदी अभी भी खतरे के लाल निशान के ऊपर बह रही है। नदी में उफान से टांडा तहसील के जालिम का पूरा, बाबूराम का पूरा अधिक प्रभावित हैं। केवटला गांव में फसल जलमग्न हैं। ग्रामीणों के आवागमन के लिए नौका लगी हैं। टीएनपीजी कॉलेज को बाढ़ पीड़ित शरणालय बनाया गया है। घाघरा नदी का जलस्तर बीते मंगलवार के सापेक्ष बुधवार को सात सेंटीमीटर घटा है। जलस्तर में नदी खतरे के निशान 92.730 मीटर से 63 सेंटीमीटर ऊपर 93.360 मीटर पर है।

टांडा : घाघरा नदी के जल स्तर में दूसरे दिन भी गिरावट जारी है। इसके बाद भी लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। तहसील क्षेत्र के मांझा अवसानपुर के 150 व्यक्तियों को बाढ़ चौकी में विस्थापित किया गया है। उन्हें पका पकाया भोजन और अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। एसडीएम अभिषेक पाठक ने बाढ़ चौकी का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। दूसरी ओर मांझा उल्टहवा, मांझा कला, गंगापुर गांव के चारों ओर से नदी के बाढ़ का पानी उतर रहा है। मांझा उल्टहवा गांव का जालिम का पूरा और बाबूराम के पूरा मजरों में दर्जनों घरों में अब भी पानी है। निचले स्थान पर बसे ग्रामीण पड़ोसियों के यहां शरण लिए हैं। पशुओं के लिए प्रशासन की तरफ से भूसा बांटा जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी नावें लगाई गई है। हनुमानगढ़ी के उत्तर, शनिदेव मंदिर के सहन पर से पानी हट गया है। सीढि़यां अब भी डूबी है। तहसीलदार संतोष कुमार ओझा ने बताया मांझा अवसानपुर से 150 व्यक्तियों को विस्थापित कर भोजन दिया जा रहा है। बचाव के लिए बाढ़ से प्रभावित क्षेत्र में तीन दर्जन नावें लगाई गई है। प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित करने का प्रबंध किया जा रहा है।

आलापुर : बाढ़ प्रभावित गांव आराजी देवारा व मांझा कम्हरियाघाट के 300 से अधिक पीड़ित परिवार को एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव ने राजस्व अमले के साथ ग्राम प्रधान की मौजूदगी में राशन किट वितरित किया।

chat bot
आपका साथी