युवक की फावड़े से काटकर हत्या, पुलिस और भीड़ पर झोंका फायर

भूमि के विवाद में पिता-पुत्रों ने पड़ोसी युवक की फावड़े से काटकर हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 10:56 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 10:56 PM (IST)
युवक की फावड़े से काटकर हत्या, पुलिस और भीड़ पर झोंका फायर
युवक की फावड़े से काटकर हत्या, पुलिस और भीड़ पर झोंका फायर

अंबेडकरनगर): भूमि के विवाद में पिता-पुत्रों ने पड़ोसी युवक की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। भीड़ और पुलिस के पहुंचने पर ताबड़तोड़ फायरिग करने लगे, तभी पुलिस की जवाबी फायरिग में हत्यारे पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने इन्हें काबू किया तो नाराज भीड़ ने हत्यारोपियों को पुलिस गाड़ी से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। पुलिस टीम पर भीड़ ने पथराव किया। यहां एसपी आलोक प्रियदर्शी कई थानों के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

टांडा कोतवाली के पकड़ी भोजपुर चौराहे से होकर ठिकवा गांव के अंकित यादव ट्रैक्टर ट्राली से भूसा लेकर जा रहा था। पकड़ी भोजपुर चौराहे पर राजेंद्र यादव से विवाद हो गया। इसके बाद राजेंद्र यादव ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर अंकित यादव को फावड़े से काटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों परिवार में लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। अंकित यादव की हत्या की खबर फैलते ही काफी भीड़ जमा हो गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने पर हत्यारों ने खुद को अपने मकान में बंद कर लिया। एसपी आलोक प्रियदर्शी भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों हत्यारों को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन हत्यारे छत पर चढ़ गए और पुलिस व भीड़ पर फायरिग करने लगे। इससे दौरान भगदड़ मच गई। इसमें एक युवक जख्मी हो गया।

हत्यारों के सरेंडर नहीं करने पर पुलिसकर्मी मोर्चा संभालते हुए सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ गए। पुलिस से हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से दोनों हत्यारे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हत्यारों को लेकर जैसे ही पुलिस बाहर निकली तो आक्रोशित भीड़ ने हमला कर दिया। पुलिस की गाड़ी से हत्यारों को निकाल जमकर पीटा। भीड़ से हत्यारोपितों को बचाने में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया तो नाराज भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें एक सिपाही घायल हुआ है। घंटे भर अफरातफरी का माहौल रहा। भीड़ को काबू करने में पुलिस को दो चक्र फायरिग भी करनी पड़ी। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि भूमि विवाद में अंकित यादव की हत्या हुई है। हत्यारे राजेंद्र व उसके बेटों को गिरफ्तार किया गया है। हत्यारों ने पुलिस व पब्लिक पर फायरिग किया था। मुठभेड़ में दोनों हत्यारों को गोली लगी है। तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

chat bot
आपका साथी