पहले अपराधियों का बोलबाला था, आज भागे-भागे फिर रहे: केशव प्रसाद

महेंद्र प्रताप सिंह अंबेडकरनगर कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में सवा सौ करोड़ रुपये की लागत से

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 12:37 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 12:37 AM (IST)
पहले अपराधियों का बोलबाला था, आज भागे-भागे फिर रहे: केशव प्रसाद
पहले अपराधियों का बोलबाला था, आज भागे-भागे फिर रहे: केशव प्रसाद

महेंद्र प्रताप सिंह, अंबेडकरनगर: कटेहरी विधानसभा क्षेत्र में सवा सौ करोड़ रुपये की लागत से 159 सड़कों की सौगात देने आए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा जातिवाद की राजनीति नहीं करती, हम विकासवाद की राजनीति करते हैं।

प्रदेश में पहले अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब अपराधी भागे-भागे फिर रहे हैं। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि हम लोग जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीन सौ से अधिक सीटें जीतेगी। बुआ और बबुआ एक साथ मिलकर कुछ नहीं कर सके तो इस बार भी कुछ फर्क नहीं पड़ने वाला। इससे पहले उप मुख्यमंत्री का हेलिकाप्टर रामदेव जनता इंटर कालेज मैदान पर उतरा तो भाजपाइयों एवं समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की।

यहां उमड़ी भीड़ से गदगद उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार कटेहरी में तनिक भी चूक नहीं करनी है, क्योंकि पिछली बार कुछ अंतर से कमल नहीं खिल सका था। विपक्षियों पर वह लगातार हमलावर रहे। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस सरकार में बिचौलिये और अपराधी पूरी तरह से हावी थे, लेकिन अब सभी को रोजी-रोजगार मिल रहा है और अपराधी घर व जान बचा रहे हैं। उन्होंने यहां की जनता से कहा कि जिले की पांचों सीटों पर कमल खिला दीजिए, केंद्र व प्रदेश सरकार अंबेडकरनगर के लिए खजाने का मुंह खोल देगी। करीब आधे घंटे के संबोधन के बाद उप मुख्यमंत्री ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा के साथ पिछड़ा वर्ग बहुत मजबूती से खड़ा है। सपा के साथ पिछड़ा वर्ग नहीं है। इससे पहले विधायक टांडा संजू देवी, आलापुर विधायक अनीता कमल, जिला प्रभारी विजय प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष डा. मिथिलेश त्रिपाठी, पूर्व सांसद डा. हरिओम पांडेय, पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद, जिपं अध्यक्ष साधू वर्मा, पूर्व जिपं अध्यक्ष सुधीर सिंह मिटू आदि ने संबोधित किया।

--------------------

हेलीपैड पर डिप्टी सीएम का भव्य स्वागत : लगभग 12 बजे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का उड़नखटोला पहुंचा। इसके बाद भाजपाइयों ने फूलमाला से उनका स्वागत किया। यहां जिलाध्यक्ष के साथ क्षेत्रीय महामंत्री त्रयंबक तिवारी, उपाध्यक्ष विमलेंद्र प्रताप सिंह मोनू, डा. संतोष कुमार सिंह, जिला मंत्री दीपक तिवारी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी