वृद्धा की निर्मम हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका

नित्यक्रिया के लिए भोर में घर से निकली वृद्धा की हत्या कर शव को रास्ते में डाल दिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 10:30 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 10:30 PM (IST)
वृद्धा की निर्मम हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका
वृद्धा की निर्मम हत्या कर शव झाड़ियों में फेंका

अंबेडकरनगर : नित्यक्रिया के लिए भोर में घर से निकली वृद्धा की हत्या कर शव को रास्ते के बगल झाड़ी में फेंक दिया। घंटों बाद परिवारजन को इसकी जानकारी हुई। घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मामला आलापुर थाने की प्रमुख बाजार रामनगर चौक इलाके का है।

मसेना मिर्जापुर गांव के राजकुमार तिवारी की 78 वर्षीय पत्नी यशोदा देवी सोमवार को भोर में नित्यक्रिया के लिए निकली थीं। इसी बीच करीब छह बजे लोगों द्वारा राजकुमार और उनके परिवारजनों को शव मिलने की सूचना दी गई तो परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि हत्यारे ने सिर पर भारी चीज से वार कर यशोदा देवी की हत्या कर दी और शव को बैंक ऑफ बड़ौदा के निकट कूड़े के ढेर पर झाड़ियों के बीच फेंक दिया। मृतका के कान से खून निकल रहा था, तो वहीं सिर पर चोट के निशान भी मिले। मृतका के कान का सोने का टप्स गायब था। गले व पैर में पहना गया चांदी का आभूषण सुरक्षित था। निकट ही बांस का एक टुकड़ा मिला है। आशंका जताई जा रही है कि इसी बांस के टुकड़े से वार कर यशोदा देवी की हत्या की गई है। रास्ते में शव को घसीट कर झाड़ियों के बीच लेकर जाने के निशान भी मिले हैं। सीओ जगदीश लाल टम्टा ने प्रभारी निरीक्षक आलापुर के साथ पहुंच कर पूछताछ की। एसपी आलोक प्रियदर्शी भी मौके पर पहुंचे। मृतका के पति राजकुमार तिवारी ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी