648 में महज 38 मामलों का निस्तारण

अंबेडकरनगर : संपूर्ण समाधान दिवस अकबरपुर तहसील सभागार में जिलाधिकारी सुरेश कुमार की

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Nov 2018 09:57 PM (IST) Updated:Tue, 20 Nov 2018 09:57 PM (IST)
648 में महज 38 मामलों का निस्तारण
648 में महज 38 मामलों का निस्तारण

अंबेडकरनगर : संपूर्ण समाधान दिवस अकबरपुर तहसील सभागार में जिलाधिकारी सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने जिले के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि जन सुनवाई के दौरान प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों पर अंकित निर्देशों का भली-भांति अवलोकन कर उसका अनुपालन कराते हुए कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जन समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करें। इस कार्य में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र के समक्ष तहसील अकबरपुर में कुल 173 फरियादियों ने अपने शिकायती पत्र प्रस्तुत किए। इसमें से महज 11 प्रार्थना पत्रों का ही निस्तारण किया गया शेष 162 को संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। हालांकि यहां पर फरियाद लेकर आए अकबरपुर तहसील के चदैन्नी निवासी अच्छेलाल व मेवालाल पुत्रगण श्रीराम निराश होकर लौटते दिखे। उनका कहना था कि कई बार प्रार्थना पत्र देने के बाद भी उनके मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इसी तरह राजेश, शिवलाल व सुनीता देवी भी अपेक्षाकृत कार्रवाई न होने पर निराश दिखीं। जलालपुर तहसील में अपर जिलाधिकारी गिरिजेश त्यागी समेत तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष कुल 194 प्रार्थना पत्र आया इसमें से महज 12 का ही निस्तारण हो सका। इसी तरह टांडा में 58 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए जिसमें से कुल आठ प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त तहसील आलापुर में उपजिलाधिकारी के समक्ष 137 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए जिसमें से सात प्रार्थना पत्र का निस्तारण किया गया। भीटी तहसील में उप जिलाधिकारी के समक्ष 86 फरियादियों ने अपनी शिकायत प्रस्तुत किया। इसमें से एक भी प्रार्थना पत्र निस्तारित नहीं किया जा सका। इस तरह संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 648 मामले आए जिनमें से महज 38 का निस्तार किया गया। तहसील दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी