फरेब से सत्ता में आई भाजपा कर रही दलितों व ब्राह्माणों का उत्पीड़न

पंडित रामशब्द स्मृति महाविद्यालय विशुनपुर बजदहा में बसपा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बसपा महासचिव ने बीजेपी पर किया हमला।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 10:31 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 10:31 PM (IST)
फरेब से सत्ता में आई भाजपा कर रही दलितों व ब्राह्माणों का उत्पीड़न
फरेब से सत्ता में आई भाजपा कर रही दलितों व ब्राह्माणों का उत्पीड़न

अंबेडकरनगर: पंडित रामशब्द स्मृति महाविद्यालय विशुनपुर बजदहा में बसपा के तत्वावधान में प्रबुद्ध वर्ग के सम्मान सुरक्षा और तरक्की विषयक गोष्ठी हुई। इसमें बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि झूठ और फरेब के जरिए सत्ता में आई भाजपा के शासनकाल में दलितों का उत्पीड़न पहले से चल रहा है। मौजूदा समय में प्रदेश की आबादी में 13 फीसदी हिस्सेदार ब्राह्माणों का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कानपुर के विकरू कांड में खुशी दुबे के उत्पीड़न तथा लखनऊ में पुलिसकर्मी द्वारा ही विकास तिवारी की हत्या का उल्लेख करते हुए सिलसिलेवार ब्राह्माणों के हत्या एवं उत्पीड़न का मुद्दा उठाया व इसके लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। इससे पहले उन्होंने भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम शुरू किया। अध्यक्षता अरविद गौतम ने तथा संचालन संकठा प्रसाद मिश्र ने किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री नकुल दुबे, सांसद रितेश पांडेय, पवन पांडेय, ओम प्रकाश त्रिपाठी, कार्यक्रम के संयोजक गुड्डू चौबे, घनश्याम चंद्र खरवार, बलराम निषाद, विजेंद्र मिश्र, संजय शर्मा, सुरेंद्र मिश्र, उदयराज मिश्र, मोहम्मद हारुन अंसारी, भोले तिवारी, डा. उमानाथ दुबे, पंकज तिवारी, मल्लू मिश्र, रामसूरत गौतम, प्रीति भास्कर आदि ने शिरकत किया।

याद दिलाया इतिहास : वर्ष 2007 के चुनाव की तरह ब्राह्माण समाज के लोग संगठित होकर पार्टी के साथ आ जाएं तो 2022 में एक बार फिर प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी। सरकार बनने के बाद ब्राह्माण के सम्मान और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि ब्राह्माणों के सम्मान की लड़ाई बसपा हमेशा लड़ती आई है। उन्होंने कहा कि राम सिर्फ भाजपा के नहीं थे वह हम सभी के थे बसपा के सत्ता में आने के बाद भी अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण जारी रहेगा। नीरज मिश्र हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के शासनकाल में कानून नहीं था। अराजकता से निजात पाने के लिए लोगों ने विश्वास कर भाजपा की सरकार बनाई, लेकिन भाजपा ने उनके विश्वास को तोड़ा। अब लोगों का विश्वास बसपा में बढ़ा है।

-मल्लूपुर मजगवां का किया दौरा : सतीश चंद्र मिश्रा ने सांसद रितेश पांडेय आदि नेताओं के साथ राजेसुल्तानपुर थाना के मल्लूपुर मजगवां गांव का दौरा कर चर्चित हत्याकांड के शिकार दो भाइयों अनिल मिश्र व सुरेंद्र मिश्रा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उनके हर सुख दुख में साथ देने का वादा भी किया।

chat bot
आपका साथी