भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत

कोतवाली अकबरपुर में ओवरब्रिज पर हुआ हादसा.स्कार्पियों की चपेट में आने से किसान की हुई मौत

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Jun 2020 12:48 AM (IST) Updated:Sat, 20 Jun 2020 12:48 AM (IST)
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की सड़क हादसे में मौत

अंबेडकरनगर : कोतवाली अकबरपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा गंभीर रूप से घायल हो गए। पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के लालापुर गांव निवासी अरूण शुक्ल (52) अपनी मोटरसाइकिल से विकास भवन किसी काम से जा रहे थे। रोडवेज के निकट ओवरब्रिज पर पहुंचे ही थे। तभी तेज रफ्तार नीले रंग की बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर दूर जा गिरे और उनका सीना लहूलुहान हो गया। दुर्घटना होते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने इसकी सूचना डायल-112 को दी। कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल भाजपा नेता को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी विजयलक्ष्मी शुक्ला लालापुर की ग्राम प्रधान हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। विश्व हिदु परिषद के जिला संयोजक रामआशीष मिश्र ने पुलिस अधीक्षक से जांच कर कार्रवाई की मांग की है। निरीक्षक अमित प्रताप सिंह ने बताया तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा और महामंत्री मिथिलेश त्रिपाठी ने दुख जताया।

---------------

हादसे में किसान की मौत : दूसरा हादसा इब्राहिमपुर थानाक्षेत्र के पंचायत भवन अवसानपुर के पास हुआ। अवसानपुर गांव निवासी रणधीर सिंह यादव गांव से खेत की जोताई करने उतरेथू गांव में गया था। वापस बाइक से लौटते समय स्कार्पियो वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गया। स्थानीय लोग पीएचसी टांडा लेकर पहुंचे। यहां घायल की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई रणजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। हादसा करने वाला वाहन पुलिस के कब्जे में है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया तहरीर मिली है।

chat bot
आपका साथी