प्रश्न पहर : लोकतंत्र की पहली इकाई गांव स्वस्थ और खुशहाली की ओर बढ़ा रही कदम

गांवों के देश भारत में लोकतंत्र की पहली इकाई ग्राम पंचायत को स्वस्थ व समृद्ध बनाने की ओर कदम आगे बढ़ रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 10:21 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 10:21 PM (IST)
प्रश्न पहर : लोकतंत्र की पहली इकाई गांव स्वस्थ और खुशहाली की ओर बढ़ा रही कदम
प्रश्न पहर : लोकतंत्र की पहली इकाई गांव स्वस्थ और खुशहाली की ओर बढ़ा रही कदम

अंबेडकरनगर: गांवों के देश भारत में लोकतंत्र की पहली इकाई ग्राम पंचायत को स्वस्थ व समृद्ध बनाने के लिए सरकार ने ताकत झोंकी है। बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, आवास, राशन, शिक्षा एवं स्वरोजगार के मायने में गांव सबल बन रहे हैं। पंचायत भवन एवं शौचालयों के निर्माण पर सरकार की खास नजर है। ग्रामीणों को सुविधाओं के लिए भटकना नहीं पड़े, इसके लिए पंचायत भवन को ग्राम सचिवालय के रूप में सुविधा एवं संसाधनों से सुसज्जित कर रहे हैं। व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय के जरिए स्वच्छ भारत का सपना साकार किया जा रहा है। गांवों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ और इसे पाने की तरीके बताने जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार श्रीवास्तव बुधवार को दैनिक जागरण कार्यालय पहुंचे। यहां जनता की शिकायतों व समस्याओं का एक घंटे तक बखूबी जवाब दिया। जनता से मिले सुझाव पर अमल करने का वादा भी किया। गांवों में हुए भ्रष्टाचार की शिकायतें सुनने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।

रास्ते की हालत बहुत खराब है। घर से निकलना कठिन हो गया है। प्रधान ने भी अतिक्रमण किया है।

राजीव सिंह, हीड़ी पकड़िया

जिला पंचायत से इस सड़क को बनाने के लिए अवगत करा दिया जाएगा। जांचोपरांत अतिक्रमण हटाया जाएगा।

गांव में तमाम लोगों के पास शौचालय नहीं है। यह कैसे मिलेगा। जलभराव की समस्या दूर कराइए।

पवन कुमार, जैमलपुर सेमरी

शौचालय से वंचित लोगों की जांच करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक को भेजेंगे। पात्र होने पर वार्षिक लक्ष्य मिलते ही लाभान्वित किया जाएगा।

गांव में नाली, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, खड़ंजा समेत मुसीबतों का अंबार है। जलभराव से काफी परेशानी है।

संदीप कुमार, बरामदपुर जरियारी

ग्राम पंचायत की बैठक में समस्याओं को देखते हुए प्राथमिकता पर निदान करना चाहिए। शौचालय से वंचित लोगों की जांच कर लाभ दिया जाएगा।

सड़क निर्माण व भुगतान में अनियमितता की शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ऋषि सिंह, बेलउवा बरियारपुर

शिकायती पत्र का एक अनुस्मारक संज्ञान में दीजिए। प्रकरण में कार्रवाई करते हुए आपको अवगत कराएंगे।

प्राथमिक विद्यालय परिसर में पानी भरा है। ग्राम पंचायत से इस विद्यालय का कायाकल्प भी नहीं कराया गया है।

इंद्रजीत, अखलाखपुर

स्कूल परिसर को पटाई कर ऊंचा करने के लिए ग्राम पंचायत को प्रयास करना चाहिए। कायाकल्प के लिए अलग से बजट नहीं मिला है। ग्राम पंचायत के बजट से उपलब्धता के अनुसार काम कर सकते हैं।

सामुदायिक शौचालय अधूरे और पूरा भुगतान हुआ है। व्यक्तिगत शौचालय का अपात्रों को लाभ दिया गया है।

विजय दुबे, चंदौका

जिला कार्यालय पर साक्ष्य के साथ इसकी लिखित शिकायत दीजिए। जांचोपरांत कार्रवाई अवश्य की जाएगी।

गांव में स्वच्छता के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ गंदगी करने वालों पर कार्रवाई करने की जरूरत है।

बब्लू, बरामदपुर जरियारी

आपका सुझाव अच्छा है, शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ऐसी कार्रवाई होती रहती है। इसपर अमल करने का प्रयास होगा।

व्यक्तिगत शौचालय अधिकांश घरों में नहीं बना है। पिछले दिनों हुई तीन दिन की लगातार बारिश में बहुत दुख झेलना पड़ा।

संतोष मिश्र, बंदीपुर

बढ़ती आबादी के अनुसार सरकार प्रतिवर्ष लक्ष्य तय करती है। ऐसे में नया लक्ष्य मिलने पर लाभ अवश्य देंगे।

गांव में विकास कार्य लेकर तमाम जगह पहले के वर्षों में अनियमितता हुई। इसकी जांच कैसे कराई जाए।

रमाशंकर पांडेय, टिकरी

गड़बड़ी की आशंका को चिन्हित करते हुए लिखित शिकायत और साक्ष्य दीजिए, जांचोपरांत सख्त कार्रवाई होगी।

गांव में नाली का निर्माण नहीं हुआ है। जलनिकासी बाधित होने से घर गिरने के हालात बन गए हैं।

राबिन राज, यरकी मजगवां

ग्राम पंचायत सचिव और सफाई कर्मचारी को भेजकर जलनिकासी की समस्या का निदान कल कराया जाएगा।

शौचालयों की गुणवत्ता बेहद खराब होने से यह क्रियाशील नहीं रह गए हैं। इसके दोषियों पर कार्रवाई हो।

रामअजोर कश्यप, कटारगढ़

शौचालय गड़बड़ बने होने की फोटो साक्ष्य के साथ लिखित शिकायत दीजिए। इसपर जांच करके जरूर कार्रवाई होगी।

गांव में जलभराव के अलावा खड़ंजा की समस्या है। बारिश के बाद यह मुसीबत काफी परेशान कर रही है।

संदीप मौर्य, बसंतपुर

अत्यधिक बारिश की वजह से यह समस्या अधिकांश जगह है। हमेशा जलभराव यदि हो रहा है तो, सचिव को भेजकर निदान कराएंगे।

ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मचारी दिनेश गांव में कभी नहीं आता है। शिकायत पर कार्रवाई भी नहीं होती है।

उत्तम सिंह, ईश्वरपुर जैतपुर

सफाई कर्मी की लापरवाही की लिखित शिकायत भेजिए, मैं स्वयं जांच करके लापरवाह को दंडित करूंगा।

ग्राम पंचायत में संविदा पर सहायक की भर्ती में गड़बड़ी हुई है। इसकी जांच कैसे कराएं।

अरविद मिश्र, औरंगनगर

गड़बड़ी होने का सवाल नहीं उठता। गांव में चयन से पहले सूची सार्वजनिक कर आपत्ति मांगी गई थी।

गांव के विकास की चर्चा कैसे करेंगे, पंचायत भवन तक जाने के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं है।

पवन द्विवेदी, भरतपुर

ग्राम पंचायत सचिव को भेजकर इसके रिपोर्ट मांगी जाएगी। ग्राम पंचायत के बजट से इसे बनाया जाए।

बारिश में घर गिर गया है। गरीब होने के बाद भी आवास और शौचालय तक का लाभ नहीं मिला है।

शिल्पा, बनवा बेवाना

ग्राम पंचायत सचिव आपसे जल्द ही संपर्क करेंगे। समस्या के बारे में जानकारी लेकर स्थाई समाधान का प्रयास किया जाएगा।

-जागरण के सवाल-

व्यक्तिगत शौचालय से वंचित लोगों को योजना का लाभ कैसे और कब मिलेगा।

शासन से बढ़ती आबादी को देखते हुए प्रतिवर्ष लक्ष्य दिया जाता है। इसमें पात्रों को चयनित कर सत्यापन के बाद लाभ दिया जाता है।

दशकों पहले बेहद कम अनुदान से बने शौचालय ध्वस्त हैं। इन लाभार्थियों को दोबारा कैसे लाभ मिलेगा।

एक बार योजना का लाभ हासिल कर चुके लोगों को दोबारा लाभ नहीं दिया जा सकता है। फिलहाल कोई व्यवस्था नहीं है।

ग्राम पंचायतों में वित्तीय अनियमितता साबित होने के बाद भी तमाम मामलों में रिकवरी नहीं हो सकी है।

आरोपितों के खिलाफ नोटिस जारी करने समेत कार्रवाई चल रही है। कई मामले दोबारा जांच में उलझे हैं। इनके निस्तारण का इंतजार रहता है।

chat bot
आपका साथी