दिनदहाड़े गोली मारने के आरोपित नहीं चढ़ सके हत्थे

अंबेडकरनगर भूमि विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Jul 2021 09:49 PM (IST) Updated:Sat, 10 Jul 2021 09:49 PM (IST)
दिनदहाड़े गोली मारने के आरोपित नहीं चढ़ सके हत्थे
दिनदहाड़े गोली मारने के आरोपित नहीं चढ़ सके हत्थे

अंबेडकरनगर: भूमि विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारने के मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिल सकी है। ऐसे में, अभी तक मुकदमा नहीं दर्ज किया जा सका। हालांकि, पीड़ित पक्ष द्वारा मौखिक सूचना में तीन लोगों को दोषी बताया गया है। इस आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक घायल व्यक्ति का लखनऊ ट्रामा सेंटर में आपरेशन कर गोली निकाल दी गई है। वहां उसकी स्थिति सामान्य है। दूसरे पक्ष ने दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। बीती रात पुलिस ने आरोपितों की तलाश में कई संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए परिवारजनों व रिश्तेदारों पर दबाव बनाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

अहिरौली थाने के गांव चाचिकपुर के मजरे श्री का पूरा निवासी बृजेश कुमार सिंह व उनके भाई ओमप्रकाश सिंह के बीच आबादी के एक भूखंड को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार समझौते का प्रयास विफल रहा। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों के लोग आपस में पंचायत कर रहे थे। इस दौरान हाथापाई होने लगी।

ओमप्रकाश के पुत्र विपिन ने अवैध असलहे से बृजेश के पेट में गोली मार दी। परिवारजन ने घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस निगरानी कर रही है। ओमप्रकाश पक्ष द्वारा देर शाम थाने पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि बृजेश पक्ष ने लखनऊ से वापस आने पर तहरीर देने की बात कही है। तहरीर के अभाव में पुलिस की कार्रवाई नहीं रुकेगी। दूसरे पक्ष द्वारा महज पेशबंदी में तहरीर दी गई है, इसमें कोई सत्यता नहीं है।

chat bot
आपका साथी