जिला कारागार में कैदियों के दो गुटों में मारपीट, चार गंभीर घायल

गुरुवार शाम पांच बजे की घटना एक कैदी लखनऊ रेफर अकबरपुर कोतवाली पुलिस कर रही जांच-पड़ताल

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 10:26 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 10:26 PM (IST)
जिला कारागार में कैदियों के दो गुटों में मारपीट, चार गंभीर घायल
जिला कारागार में कैदियों के दो गुटों में मारपीट, चार गंभीर घायल

अंबेडकरनगर: जिला कारागार में कैदियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें चार कैदी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल एक कैदी को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों को जिला अस्पताल में पुलिस निगरानी में भर्ती कराया गया है।

मरैला स्थित जिला कारागार में बंद कैदियों के दो गुटों में गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वाद-विवाद शुरू हो गया। थोड़ी देर में मारपीट होने लगी। इसमें कैदी जनपद संतकबीरनगर के धनघटा थाना क्षेत्र का अतुल सिंह, जैतपुर थाना क्षेत्र के मढ़वर निवासी ओम गिरि, नेवादा निवासी प्रदीप यादव, जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नीलकंठ सराय निवासी सुशील मौर्य के सिर, पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। प्रदीप की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

घायलों की चोट से प्रतीत होता है कि किसी वजनी वस्तु से हमला किया गया है। बवाल की सूचना पर जेल प्रशासन समेत पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। इससे जिला कारागार छावनी में तब्दील हो गया। जिला अस्पताल में घायलों के एबुलेंस से पहुंचने पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। उच्चाधिकारी जिला कारागार प्रशासन से पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं।

जेल अधीक्षक हर्षिता मिश्रा ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। आरोपितों की शिनाख्त कर लिखा-पढ़ी की जा रही है। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है।

पूर्व में हो चुकी हैं घटनाएं: जिला कारागार में इसके पूर्व भी मारपीट व बवाल की घटनाएं हो चुकी हैं। इसको लेकर जेल प्रशासन ने गंभीरता नहीं दिखाया, जिसका परिणाम गुरुवार को मारपीट के रूप में सामने आया। इससे पूर्व कैदियों ने खाने को लेकर बवाल किया था। हालांकि, इस मामले में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ था। गत वर्ष लाकडाउन के दौरान बाहर से आए कैदियों ने भी हंगामा किया था।

chat bot
आपका साथी