जरायम की दुनिया का एक अध्याय समाप्त, पुलिस को मिली राहत

अकबरपुर कोतवाली के शातिर बदमाश व हिस्ट्रीशीटर की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। इससे जरायम की दुनिया का एक अध्याय समाप्त हो गया। पुलिस ने भी राहत की सांस ली।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 11:13 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 11:13 PM (IST)
जरायम की दुनिया का एक अध्याय समाप्त, पुलिस को मिली राहत
जरायम की दुनिया का एक अध्याय समाप्त, पुलिस को मिली राहत

अंबेडकरनगर: अकबरपुर कोतवाली के शातिर बदमाश व हिस्ट्रीशीटर की गुरुवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। इससे जरायम की दुनिया का एक अध्याय समाप्त हो गया। पुलिस ने भी राहत की सांस ली।

गांव मीरमलूकपुर का आदिल खान उर्फ लंगड़ पुलिस अभिलेखों में एक शातिर व पेशेवर अपराधी था। इसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, छिनैती, चोरी, प्राणघातक हमले, आ‌र्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर जैसे संगीन अपराध के 33 मुकदमे दर्ज हैं। वह दो बार अदालत की लाकअप व पुलिस अभिरक्षा से फरार हो चुका था। गत वर्ष अकबरपुर कोतवाली की खिड़की तोड़कर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। अकबरपुर कोतवाली में दर्ज अपहरण के एक मुकदमे में वह वांछित चल रहा था। इस पर ईनाम घोषित करने की प्रक्रिया चल रही थी। तलाशी के क्रम में कई बार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन हर बार वह चकमा देकर भाग निकला। दो माह पहले शिवबाबा मंदिर में पुलिस ने घेराबंदी की तो अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकला।

वर्ष 2002 में वह उस समय सुर्खियों में आया, जब औलियापुर निवासी रामफल को घर में घुसकर गोली मारी थी। वर्ष 2003 में स्वाट पर फायरिग कर फरार हो गया। इसमें एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया था। उसके खिलाफ अकबरपुर कोतवाली में 16, सम्मनपुर थाने में नौ, मालीपुर में पांच, अयोध्या जिले के गोशाईंगंज थाने, इब्राहिमपुर तथा अकबरपुर जीआरपी में एक-एक समेत कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं। इसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए अधिकारियों ने अकबरपुर कोतवाली में हिस्ट्रीशीट खोली। कोतवाल अमित प्रताप सिंह ने इसकी पुष्टि की है।

-------------

दुर्घटना में चली गई थी टांग: एक घटना के दौरान उसका एक पैर जख्मी हो गया था। इससे वह लंगड़ नाम से कुख्यात हो गया। लंगड़ होने के बावजूद थानों की दीवार, खिड़की तोड़ना उसके बाएं हाथ का खेल था। दोपहिया वाहन बहुत चतुराई से चलाता था। तेज रफ्तार वाहन को संतुलित तरीके से पलक झपकते ही मोड़कर फरार होने में माहिर था।

chat bot
आपका साथी