खामियां मिलने पर 337 उम्मीदवारों के पर्चे हुए खारिज
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई। जिला पंचायत सदस्य बीडीसी प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के पर्चों की गहनता से जांच हुई। इसमें आरक्षण के विपरीत नामांकन करने व वांछित अभिलेखों के नहीं लगाने समेत जमानत राशि नहीं जमा करने पर 337 नामांकन पत्र खारिज हुए हैं।
अंबेडकरनगर: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच पूरी हो गई। जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के पर्चों की गहनता से जांच हुई। इसमें आरक्षण के विपरीत नामांकन करने व वांछित अभिलेखों के नहीं लगाने समेत जमानत राशि नहीं जमा करने पर 337 नामांकन पत्र खारिज हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी आरबी यादव ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पद पर दाखिल हुए सभी 639 पर्चे वैध मिले हैं। खास बात रही कि नामांकन पत्रों से संबंधित कोई आपत्ति तथा शिकायत इसबार नहीं मिली है।
जहांगीरगंज विकासखंड में भी ग्राम प्रधान तथा बीडीसी के सभी पर्चे वैध मिले। वहीं ग्राम पंचायत सदस्यों के नामांकन पत्र में जमानत राशि आदि की खामियां मिली हैं। ऐसे में 42 ग्राम पंचायत सदस्यों के पर्चे खारिज किए गए हैं। अकबरपुर विकासखंड में प्रधान के दो तथा बीडीसी के दो नामांकन पत्र खारिज हुए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के 62 पर्चे खारिज हुए हैं।
बसखारी विकासखंड में प्रधान के छह, बीडीसी के तीन और ग्राम पंचायत सदस्य के 56 पर्चे खारिज हुए हैं। यहां ग्राम पंचायत सदस्य के 19 पदों पर इकलौते उम्मीदवार हैं। रामनगर विकासखंड में प्रधान और बीडीसी के सभी पर्चे वैध पाए गए हैं। इससे इतर ग्राम पंचायत सदस्य के पर्चे खारिज हुए हैं।
भीटी विकासखंड में बीडीसी पद का एक पर्चा खारिज हुआ है। इसमें वार्ड संख्या 62 से उम्मीदवार सुशील कुमार की आयु कम होने के चलते पर्चा खारिज किया गया है। जबकि ग्राम पंचायत सदस्य के सात पर्चे खारिज हुए। प्रधान पद का कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ है।
कटेहरी विकासखंड में प्रधान के तीन पर्चे अवैध पाए गए। इसमें चिउटीपारा, अटवाई और पतौना का एक-एक उम्मीदवार है। यहां बीडीसी का दो पर्चा खारिज हुआ है। इसमें वार्ड संख्या 16 रासलपारा से उम्मीदवार पलटू तथा वार्ड संख्या 20 सारंगपुर प्रथम से उम्मीदवार हैरानी का पर्चा खारिज किया गया है। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य के 16 पर्चे खारिज हुए हैं। इसमें उम्मीदवार का नाम मतदाता नामावली में नहीं होने, उम्र कम होने, जमानत राशि नहीं लगाने आदि की खामियां मिली हैं। हालांकि इनके परिवार से लोग चुनावी मैदान में डटे हैं।
टांडा विकासखंड में प्रधान पद के चार और बीडीसी के चार नामांकन पत्रों को खामियों के चलते खारिज कर दिया गया। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य के 16 पर्चे खारिज किए गए हैं। भियांव विकासखंड में प्रधान का कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ है। वहीं बीडीसी का पांच तथा ग्राम पंचायत सदस्य का 37 पर्चा खारिज हुआ है। जलालपुर विकासखंड में बीडीसी से दो तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 57 पर्चे खारिज हुए हैं। इससे इतर प्रधान पद के सभी पर्चे वैध पाए गए हैं।