प्रयागराज में गंगा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, दोस्‍तों संग गए थे अरैल घाट

प्रयागराज में धूमनगंज के चकिया कसारी मसारी निवासी सूरज फोटोग्राफर राजरूपपुर निवासी अपने मैनेजर रजनीश और अन्‍य साथियों के साथ कार से गंगा स्नान करने अरैल घाट पहुंचे। स्‍नान करने के दौरान रजनीश व सूरज डूब गए। नाविकों ने दोनों का शव बरामद कर लिया है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 12:34 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 12:34 PM (IST)
प्रयागराज में गंगा नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, दोस्‍तों संग गए थे अरैल घाट
दोस्‍तों के साथ दो युवक नैनी के अरैल गंगा घाट पर स्‍नान को गए थे। दोनों डूब गए।

प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में गंगा नदी में डूबने की शनिवार को दूसरी घटना हुई। पहली घटना आज सुबह श्रृंगवेरपुर घाट पर हुई थी। वहीं अब अरैल घाट पर दूसरी घटना हुई। यहां सुबह दोस्तों के साथ स्नान करने गए दो युवक गंगा नदी में डूब गए। दोस्‍तों ने बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिली तो पुलिस भी पहुंची। नाविकों ने काफी प्रयास के बाद दोनों के शवों को बरामद किया।

सूरज और रजनीश दोस्‍तों के साथ अरैल घाट पर स्‍नान को गए थे

धूमनगंज थाना क्षेत्र के से चकिया कसारी मसारी निवासी सूरज सिंह 22 पुत्र शैलेंद्र सिंह फोटोग्राफर था। वहीं उसके साथ राजरूपपुर निवासी रजनीश जायसवाल 21 पुत्र शिवबाबू उसका मैनेजर था। शनिवार की सुबह सूरज और रजनीश कार से चार दोस्तों के साथ स्नान करने अरैल घाट पहुंचे। अभी वह स्नान के दौरान सूरज सिंह और रजनीश जायसवाल गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनको डूबते देख दोस्तों ने शोर मचाते हुए उन्‍हें बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।

नाविकों ने मशक्‍कत के बाद शवों को ढूंढा

इस बीच चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद लोग जब तक सूरज और रजनीश को बचाने की कोशिश करते दोनों गंगा की लहरों में डूब चुके थे। सूचना मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने नाविकों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई। कुछ घंटे के प्रयास के बाद नाविकों ने सूरज और रजनीश के शवों को बरामद कर लिया। इस बीच जानकारी होने पर उनके परिवार के लोग भी बिलखते हुए घाट पर पहुंचे। दोनों अपने घर के इकलौते पुत्र थे। सूरज सिंह के पिता शैलेंद्र सिंह का तीन माह पहले निधन हुआ था।

कल महेवा घाट पर यमुना में युवक समा गया था

नैनी के ही स्थित महेवा घाट पर शुक्रवार की सुबह भी हादसा हुआ था। एक निजी कंपनी का मजदूर दोस्त के साथ महेवा घाट पर यमुना नदी में स्नान करने के लिए गया था। स्‍नान करने के दौरान उन्‍नाव का रहने वाला मजदूर गहरे पानी में समा गया। उसकी पानी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मशक्‍कत के बाद शव को बाहर निकलवाया था। राजू 20 पुत्र पिंटू उन्नाव जिले के असरोहा गांव का रहने वाला था। वह नैनी थाना क्षेत्र में महेवा के समीप स्थित एक निजी कंपनी में मजदूरी करने आया था। यहीं रहकर वह कंपनी में मजदूरी करता था। शुक्रवार की सुबह राजू अपने दोस्त शनि पुत्र नानका के साथ महेवा घाट पर स्नान करने गया था। वहीं हादसा हो गया था।

chat bot
आपका साथी