World Polio Day 2021: पोलियो के खात्मे पर रोटरी प्रयागराज ने निकली धन्यवाद साइकिल रैली
World Polio Day 2021 रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के मंडल अध्यक्ष रोटेरियन समर राज गर्ग के निर्देश पर निकली धन्यवाद साइकिल रैली में कोविड प्रोटोकाल के पालन का भी संदेश दिया गया। इसके आयोजन में रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के चार्टर अध्यक्ष रितेश सिंह और उनके सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। विश्व पोलियो दिवस आज है। दुनिया से पोलियो खत्म हो चुका है। इसके उन्मूलन में रोटरी का बड़ा योगदान रहा है। यही वजह है कि रविवार को रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम ने विश्व पोलियो दिवस मनाया और शहर में धन्यवाद साइकिल पोलियो रैली निकाली। इसमें भारत स्काउट एंड गाइड, एनसीसी कैडेट्स के साथ आम शहरियों ने भी उत्साह के हिस्सा लिया। रोटरी प्लैटिनम के सदस्यों ने साइकिल चलाने के साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का भी संदेश दिया।
कोविड प्रोटोकाल के पालन का भी दिया संदेश
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के मंडल अध्यक्ष रोटेरियन समर राज गर्ग के निर्देश पर निकली इस रैली में कोविड प्रोटोकाल के पालन का भी संदेश दिया गया। इसके आयोजन में रोटरी प्रयागराज प्लैटिनम के चार्टर अध्यक्ष रितेश सिंह और उनके सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर रैली का स्वागत
मुख्य अतिथि पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटेरियन सतपाल गुलाटी ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। सिवल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा और महामंत्री शिव शंकर सिंह ने रैली के समापन पर सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। भारत स्काउट एंड गाइड से शुरू हुई इस रैली में सभी आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। जिस भी इलाके से यह गुजरी लोग इसमें शामिल होते गए। सभी ने पोलियों के खात्मे पर खुशी जताई। सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर इसका भव्य स्वागत हुआ। इस आयोजन में शशांक जैन, मनीष गर्ग ने भी सहयोग दिया।
रैली में शामिल लोगों को बांटी गई टीशर्ट
साइकिल रैली में शामिल लोगों को रोटरी की तरफ से टीशर्ट दी गई। इस पर जागरूकता संबंधी संदेश अंकित थे। हर किसी को हिदायत दी जा रही थी कि पोलियो को तो भगा दिया अब बारी है कोरोना की। हम सब को डटकर इस महामारी से लड़ना होगा। बीमारी से बचाव संबंधी सभी उपायों का भी पालन करना होगा।