BJP Anusuchit Morcha के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रयागराज के कार्यकर्ता होंगे शामिल, वाराणसी में कल से होगी शुरूआत
भाजपा महानगर अध्यक्ष बोले कि वाराणसी में होने वाले अनुसूचित मोर्चा का राष्ट्रीय अधिवेशन हमें अपनी एकता दिखाने का भी अवसर दे रहा है। हम इसके जरिए बता सकेंगे कि सभी जाति और धर्म के लोग भाजपा के साथ हैं। हम सब का लक्ष्य मिशन 2022 है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। 18 सितंबर यानी शनिवार से वाराणसी में दो दिवसीय राष्ट्रीय अनुसूचित मोर्चा का अधिवेशन होगा। इस अधिवेशन में प्रयागराज के अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस संबंध में अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भाजपा महानगर कार्यालय में हुई। अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष राजेश सोनकर ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि हजारों की संख्या में अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता करीब 200 वाहनों के काफिले के साथ प्रयागराज से रवाना होंगे। अधिवेशन को सफल बनाने के लिए सब ने कमर कस ली है।
अनुसूचित मोर्चा के सम्मेलन में दिखेगी एकता : भाजपा महानगर अध्यक्ष
अनुसूचित मोर्चा की प्रयागराज में हुई बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव को देखते हुए हमें हर मोर्चे पर सफल होना है। इसलिए हमें हर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा। यह अधिवेशन हमें अपनी एकता दिखाने का भी अवसर दे रहा है। हम इसके जरिए बता सकेंगे कि सभी जाति और धर्म के लोग भाजपा के साथ हैं। हम सब का लक्ष्य मिशन 2022 है। इसमें किसी तरह की कमी नहीं रहने देंगे।
दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन वाराणसी में कल से शुरू होगा
भाजपा के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 18 एवं 19 सितंबर को वाराणसी में अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन को भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या संबोधित करेंगे। बैठक में वरुण केसरवानी राजेश केसरवानी, कविराज, विमलेश सोनकर अजय कुमार रितेश त्यागी,राधा शाक्या, अजय हेला रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह आज नगर में
भाजपा के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का प्रयागराज आगमन 17 सितंबर को हो रहा है। वह दोपहर 12:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का उद्घाटन करेंगे और शाम 6:00 बजे ज्ञान पुस्तकालय के प्रांगण में हो रहे श्रीमद् भागवत भागवत कथा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।