बेवजह बड़बड़ा रहा था भतीजा, जूनियर इंजीनियर की पत्नी ने टोका तो कर दिया खून, प्रयागराज पुलिस ने दबोचा
जेई की पत्नी 50 वर्षीया सुलेमा की शनिवार रात रंभा मारकर हत्या कर दी गई। कत्ल का आरोप भतीजे शैलेंद्र पर लगा है जिसे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या की वजह गाली-गलौज बताई जा रही है। आरोपित की मानसिक हालत ठीक नहीं बताई जा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। एक तरफ पूरा समाज और पुलिस-प्रशासन कोरोना संकट से जूझ रहा है तो दूसरी तरफ अपराधी से लेकर आम लोग आपराधिक घटनाएं करने से भी नहीं बाज आ रहे हैं। ताजी घटना उतरांव क्षेत्र के बड़गांव की है जहां सिंचाई विभाग के जेई की पत्नी 50 वर्षीया सुलेमा की शनिवार रात रंभा मारकर हत्या कर दी गई। कत्ल का आरोप भतीजे शैलेंद्र पर लगा है जिसे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या की वजह गाली-गलौज बताई जा रही है। आरोपित की मानसिक हालत ठीक नहीं बताई जा रही है।
पहले दी गालियां फिर हाथापाई के बाद किया कत्ल
इस घटना के बारे में पुलिस के मुताबिक, रोजाना की तरह शैलेंद्र अपने घर के बाहर बैठा कुछ बड़बड़ा रहा था। आरोप है कि रात करीब नौ बजे जब सुलेमा अपने घर से बाहर निकली तो उसे देखते ही शैलेंद्र उत्तेजित हो गया और गाली-गलौज करने लगा। पहले तो सुलेमा ने उसकी बातों को अनसुना किया, लेकिन जब उसने आपत्तिजनक शब्द कहे तो सुलेमा ने विरोध किया। इस पर शैलेंद्र ने सुलेमा से पहले हाथापाई की और फिर रंभा लोहे की राड से सिर पर हमला कर दिया। सिर पर प्रहार होते ही महिला जमीन पर गिर पड़ी तो खलबली मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष उतरांव प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और घायल महिला को किसी तरह अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम और मोहल्ले में तनाव व्याप्त हो गया। मौत के बाद पुलिस आरोपित शैलेंद्र को पकड़कर थाने ले गई। सीओ हंडिया संतोष सिंह का कहना है कि अभियुक्त को पकड़ लिया गया है। उसकी और उसके पिता की मानसिक हालत ठीक नहीं है। मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।