COVID-19 से बचने के लिए मास्क तो सभी लगाते हैं, क्या आप मास्क संबंधी इन जरूरी बातों पर भी करते हैं अमल
डाक्टर कोमल सिंह कहती हैं कि सबसे अच्छी क्वालिटी का मास्क एन 95 है लेकिन इसकी भी लाइफ अधिकतम चार दिन ही है। जबकि सर्जिकल या अन्य मास्क एक या दो दिन तक ही उपयोगी रहते हैं। सर्जिकल या अन्य मास्क एक या दो दिन तक ही उपयोगी रहते हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना के वायरस एयर बोर्न हैं। यानी इसके वायरस हवा में भी जन्म लेकर लोगों को संक्रमित कर रहे हैं। इससे बचने के लिए मास्क नियमित रूप से लगाते रहना है। मास्क तो लगाएं लेकिन इन खास बातों पर भी ध्यान देने की आवश्यकता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि मास्क को भी 'यूज एंड थ्रो' मानें, इसे लाइफ टाइम न मानें। अब भी तमाम बड़े बुजुर्ग एक मास्क को अधिक से अधिक दिनों तक इस्तेमाल करने की कोशिश में रहते हैं, यह कोशिश अपनी ही सेहत के लिए घातक है।
अधिकतम चार दिन है मास्क की लाइफ : डाक्टर कोमल
डॉक्टर और व्यापारी कहते हैं कि मास्क वैसे तो रोज बदल देना चाहिए। इसकी कीमत आठ से 10 रुपये ही आती है। कोरोना महामारी के दौर में जीवन सुरक्षित रखने के लिए पैसा बचाने की न सोचें। डाक्टर कोमल सिंह कहती हैं कि सबसे अच्छी क्वालिटी का मास्क एन 95 है लेकिन इसकी भी लाइफ अधिकतम चार दिन ही है। जबकि सर्जिकल या अन्य मास्क एक या दो दिन तक ही उपयोगी रहते हैं। इसके बाद इन मास्क को इधर उधर फेंकने की बजाए जलाकर नष्ट कर देना चाहिए। मास्क प्रत्येक दिन धुलना भी चाहिए। सुबह लगाते समय मास्क को प्रेस भी करें, इससे मास्क में चिपके कीटाणु पूरी तरह नष्ट हो जाएंगे।
कार्बनडाई ऑक्साइड है खतरनाक : प्रोफेसर सचिन
नाक से सांस के रास्ते निकलने वाली कार्बनडाई आक्साइड गैस नुकसानदायक है। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्रोफेसर सचिन जैन का कहना है कि मास्क नाक को भी ढंके रहता है और नाक से निकलने वाली कार्बनडाई ऑक्साइड के जर्म्स मास्क में इकट्ठे होकर वापस हमारे शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इससे कई और तरह की बीमारी होने की आशंका रहती है। नाक जाम होने की समस्या हो सकती है। इसलिए भी मास्क को प्रत्येक दिन बदल देना चाहिए।
कपड़े वाले मास्क पर न करें भरोसा
अक्सर लोग घर के पुराने कपड़े से बने मास्क पर ज्यादा भरोसा करते हैं। इसे कई कई दिन लगाते हैं। डॉक्टर कहते हैं कि यह नुकसानदायक है। मास्क का काम एक ही होता है। इसलिए इसे रोज बदलें और इसकी लाइफ को समझें।