गंगा-यमुना नदियों का जलस्तर प्रयागराज में अब और घटा, बाढ़ राहत शिविर भी हो गए खाली

बाढ़ का पानी तो निचले व कछारी इलाकों के घरों से निकल गया है लेकिन लोगों की मुसीबत कम अभी नहीं हुई है। घरों में कीचड़ और गंदगी फैली है। लोग साफ सफाई में जुटे हैं। उधर सोमवार की शाम तक सभी बाढ़ राहत शिविर खाली हो चुके हैं।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Tue, 17 Aug 2021 03:14 PM (IST) Updated:Tue, 17 Aug 2021 03:14 PM (IST)
गंगा-यमुना नदियों का जलस्तर प्रयागराज में अब और घटा, बाढ़ राहत शिविर भी हो गए खाली
गंगा-यमुना नदियों का घरों में भरा पानी तो निकल गया है लेकिन कीचड़ और गंदगी फैली है।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में बाढ़ के प्रकोप से लोगों को अब पूरी तरह से राहत मिली है। गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार गिर रहा है। सोमवार की रात तक जलस्तर खतरे के निशान से तीन से चार मीटर नीचे जा चुका था। जबकि बाढ़ के दौरान खतरे के निशान से करीब एक मीटर ऊपर जलस्‍तर था। त्रिवेणी बांध स्थित लेटे हनुमान मंदिर से भी पानी निकल गया है। वहीं शहर में बाढ़ से प्रभावित 20 मोहल्लों से पानी निकल गया है।

घरों कीचड़ व गंदगी साफ करने में जुटे लोग

बाढ़ का पानी तो निचले व कछारी इलाकों के घरों से निकल गया है लेकिन लोगों की मुसीबत कम अभी नहीं हुई है। घरों में कीचड़ और गंदगी फैली है। लोग साफ सफाई में जुटे हैं। उधर सोमवार की शाम तक सभी बाढ़ राहत शिविर खाली हो चुके हैं। लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए लगाई गई सभी नावें भी अब खाली हो गई हैं।

अधिकारियों ने इलाकों का किया निरीक्षण

डीएम संजय कुमार खत्री के निर्देश पर एडीएम वित्त एवं राजस्व एमपी सिंह ने छोटा बघाड़ा, सलोरी, बक्शीबांध, लेटे हनुमान मंदिर आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई और कीट नाशक दवाओं का छिड़काव करवाया। नगर निगम के मुख्य अभियंता को निर्देशित किया कि साफ-सफाई और बेहतर करवाएं। छोटा बघाड़ा के लोगों ने बताया कि दो ट्रांसफार्मरों से विद्युत की आपूर्ति नहीं की गई है। एडीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत से वार्ता की बिजली सप्लाई करने के निर्देश दिए।

बाढ़ वाले क्षेत्रों से जलकुंभी और कूड़ा हटाने का निर्देश

नगर आयुक्त रवि रंजन ने सरोजनी नायडू मार्ग, अशोक नगर नेवादा, गंगानगर, राजापुर, म्योर रोड, स्टेनली रोड, तेलियरगंज, गोविंदपुर, सलोरी आदि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सरोजनी नायडू मार्ग पर वाईएमसीए स्कूल के आगे रोड पटरी पर काफी गंदगी मिली। राजापुर, गंगानगर में पानी निकल जाने के कारण कई गलियों में भी गंदगी पाई गई। अमिताभ बच्चन पुलिया के समीप मवेशी घूमते हुए मिले। नगर आयुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से जलकुंभी, पालीथिन और कूड़ा हटवाने के निर्देश जोनल अधिकारी और सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को दिए। इन इलाकों में सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं फागिंग कराने के लिए भी कहा। यह काम प्रभारी कर्मशाला से समन्वय बनाकर कराने के लिए कहा गया। बेसहारा मवेशियों को पकडऩे के लिए पशुधन अधिकारी को निर्देश दिए।

chat bot
आपका साथी