हिंदू मंदिरों के अधिग्रहण को समाप्त करने के लिए उठाई आवाज, विहिप नेताओं ने कहा लव जिहाद गंभीर समस्या

केंद्रीय मंत्री नरपत सिंह ने कहा कि केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में तय किया गया कि मतांतरण रोकने के लिए व हिंदू मंदिरों समेत अन्य धार्मिक संस्थाओं के अधिग्रहण को समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार कानून बनाए। यह विषय पूरे देश के हिंदू समाज के पास पहुंचे

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 06:30 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 06:30 AM (IST)
हिंदू मंदिरों के अधिग्रहण को समाप्त करने के लिए उठाई आवाज, विहिप नेताओं ने कहा लव जिहाद गंभीर समस्या
प्रभुदत्त ब्रह्मचारी आश्रम झूंसी में प्रयाग विभाग की बैठक में मतांतरण पर भी चर्चा

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। मतांतरण और लव जिहाद आज की गंभीर समस्या है। योजनाबद्ध तरीके से हिंदू समाज को कमजोर करने का प्रयास हो रहा है। इससे डटकर और संगठित होकर मुकाबला करना होगा। दिल्ली में हुई केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठ चुका है। यह जानकारी विहिप के केंद्रीय मंत्री नरपत सिंह ने दी। रविवार को वह प्रभुदत्त ब्रह्मचारी आश्रम झूंसी में प्रयाग विभाग की बैठक में आए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान प्रयाग महानगर, यमुनापार, गंगापार, कौशांबी के सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।

 

14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस

केंद्रीय मंत्री नरपत सिंह ने कहा कि केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में तय किया गया कि मतांतरण रोकने के लिए व हिंदू मंदिरों समेत अन्य धार्मिक संस्थाओं के अधिग्रहण को समाप्त करने के लिए केंद्र सरकार कानून बनाए। यह विषय पूरे देश के हिंदू समाज के पास पहुंचे। इसके लिए संगठन को प्रयास करना होगा। प्रयाग प्रभाग की बैठक में विहिप के स्थापना दिवस की तैयारियों पर चर्चा हुई। तय किया गया कि सभी कार्यक्रम प्रखंड स्तर पर हो। 14 अगस्त को अखंड भारत संकल्प दिवस का कार्यक्रम भी किया जाएगा। संगठन के अनेक आयामों धर्म प्रसार, गोरक्षा, समरसता के कार्यक्रम भी आवश्यक रूप से हों। गोपाष्टमी के आयोजन को लेकर कार्य योजना बनाई गई। गीता जयंती पर संगठन द्वारा शौर्य दिवस के कार्यक्रम होंगे। प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से ग्राम स्तर पर संगठन की स्थिति के विषय में चर्चा की। खंड स्तर पर सत्संग एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित मिलन केंद्र के स्थापना के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया गया। इस मौके पर प्रांत उपाध्यक्ष विमल प्रकाश, प्रांत मंत्री आनंद सिंह, सुरेश अग्रवाल, रविंद्र मोहन गोयल, अमित पाठक, लाल प्रताप सिंह, विनोद अग्रवाल, आनंद सागर, सत्येंद्र शुक्ला, चंद्र निधान आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी